वाराणसी (ब्यूरो)आजमगढ़ एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक अभिषेक सिंह असवनिया बरदह निवासी ने सोमवार की रात अपने दो साथियों के साथ मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के घर फायरिंग की। एसपी सिटी के निर्देश पर एक नामजद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस पड़ताल कर रही है।

युवती से रिश्तेदारी का युवक एकतरफा प्यार कर रहा था। वह शादी के लिए लगातार उस पर दबाव बना रहा था। युवक चाल चलन ठीक नहीं होने से लड़की के परिवार वालों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इससे वह नाराज चल रहा था। सोमवार की रात उसके घर दो अन्य साथियों के साथ बाइक से धमक पड़ा। बरामदे में बैठे लोगों को लक्ष्य कर फायिरंग शुरू कर दी। गोली दीवार में लगी। संयोग रहा कि बरामदे में बैठे लोग बाल-बाल बच गए गए। आवाज सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया तो वह फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत हो गई। पुलिस जांच में मौके से दो खोखे मिले। सीओ लालगंज हितेंद्र कृष्ण, थानाध्यक्ष मेहनाजपुर हितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंच कर जांच की। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर अभिषेक सिंह निवासी असवनिया थाना बरदह व दो अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।