-चेतसिंह घाट पर i next ने चलाया स्वच्छता अभियान

-पद्मश्री डॉ। सोमा घोष, फेमस फिल्म मेकर शुभांकर घोष समेत शहर के प्रबुद्धजनों ने लगाई झाड़ू, की सफाई

-सभी ने ली शपथ, न फैलाएंगे गंदगी और न किसी को फेंकने देंगे कूड़ा

-हर किसी ने बोला आई नेक्स्ट की पहल को थैंक्स

VARANASI

शहनाई के जादूगर भारत रत्न बिस्मिल्लाह खां की शिष्या और पद्मश्री डॉ। सोमा घोष चेतसिंह घाट पर झाड़ू लेकर सफाई कर रही थीं। मुंबई में रहने वाले फिल्म मेकर शुभांकर घोष भी घाट की सफाई में जी-जान से पसीना बहा रहे थे। यह सिलसिला यही नहीं थमा, शहर के कई प्रबुद्धजन और फेमस पर्सनैलिटी भी घाट को चमकाने में जुटे थे। मौका था आई नेक्स्ट की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस पर चेतसिंह घाट पर आयोजित स्वच्छता अभियान का। हालांकि बनारस ने ऐसा ही नजारा इससे पहले अस्सी घाट पर भी देखा था, जब पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए झाड़ू लगाई थी।

i next के साथ रही पूरी काशी

आई नेक्स्ट ने विश्व पर्यावरण दिवस पर चेतसिंह घाट पर 'पर्यावरण को बचाना है, घाट से गंदगी को हटाना है' नाम से स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। उद्गम फाउंडेशन इस अभियान में आई नेक्स्ट के साथ रहा। घाट काशी की पहचान हैं और इन्हें संवारने की जिम्मेदारी भी यहां के लोगों की है। इसीलिए आई नेक्स्ट ने अपने इस ईवेंट में शहर के प्रबुद्धजन, फेमस पर्सनैलिटी समेत कॉमनमैन को भी इनवाइट किया था। जिसका रिजल्ट घाट पर साफ देखने को मिला, जब हाथ में झाड़ू, फावड़ा और कूड़ा उठान के लिए डलिया लेकर लोगों का हुजूम पहुंचा।

कंधे पर गमछा, हाथ में झाड़ू

आई नेक्स्ट के इस प्रोग्राम का नजारा देखने लायक था। मेकअप से सजी-धजी और विदेशी परिधान पहनी एलीट क्लास की लड़कियों को अक्सर देखा होगा, मगर यहां नजारा उलटा था। एसी में रहने वाली लड़कियां भी कंधे पर गमछा रख, हाथ में झाड़ू लेकर सफाई कर रही थीं। ये उनका गंगा और घाट के प्रति प्रेम ही था, वरना जिसने कभी घर में झाड़ू न लगाई हो, वह इतनी अधिक गंदगी को साफ करने में जुटी थीं। कुछ ऐसा ही नजारा बच्चों का था। जो घर में एक गिलास पानी अपने हाथ से न पीते हो, वह अपने बड़ों के साथ हाथ में झाड़ू लेकर घाट की सफाई करने में लगे थे।

न उम्र, न क्लास, न पेशा

चेतसिंह घाट पर हर कोई हाथ में झाड़ू लेकर सफाई कर रहा था। इस अभियान में न तो उम्र आड़े आ रही थी और न ही क्लास और पेशा। मतलब आई नेक्स्ट के रिपोर्टर से लेकर संपादक तक ने झाड़ू लगाकर सफाई की तो बिजनेसमैन, आर्टिस्ट, सोशल एक्टिविस्ट और बच्चों ने भी घाट की सफाई की। लोगों ने वहां से गुजरने वाले हर शख्स को स्वच्छता के प्रति अवेयर किया। साथ ही उन्हें शपथ दिलाई कि वे घाट पर गंदगी न फैलाएं। कूड़ा डस्टबिन में डालें। दूसरों को भी अवेयर करें।

गंगा आरती से हुआ समापन

करीब तीन घंटे तक चले सफाई अभियान के बाद जगह-जगह कूड़ा इकट्ठा किया गया। जिसे डलिया में भरकर डस्टबिन में डाला गया। फिर अभियान से जुड़े सभी साथियों ने हाथ-पैर धोया और अभियान के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। अभियान का समापन गंगा आरती के साथ हुआ। सभी ने मां गंगा की आरती की और उनसे आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मनीष खत्री, अंकिता खत्री, उदय शंकर राव, राजेश शुक्ला, अनिल कुमार सिंह, पूनम राय, देवेंद्र मिश्रा समेत आई नेक्स्ट परिवार मौजूद रहा।