-इंग्लिश मीडियम अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में किए जा रहे एडमिशन

-दून में 12 स्कूलों में मिलेगी हाईटेक और मॉर्डन क्लास की सुविधाएं

-व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से क्लास 6, 9 और 11 में हो रहे एडमिशन

देहरादून,

गर्वनमेंट स्कूलों में इंग्लिश मीडियम से पढ़ाई को लेकर तैयार किए गए अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में जुलाई से क्लासेज को लेकर कवायद शुरू हो गई है। इन स्कूलों में एडमिशन को लेकर भी लगातार विशेष प्रयास कर कोरोनाकाल में ऑनलाइन एडमिशन प्रोसेस को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए व्हाट्सएप और दूसरे माध्यम का भी सहारा लिया जा रहा है। इस साल क्लास 6, 9 और 11वीं के लिए एडमिशन प्रक्रिया जारी है।

दून में 12 स्कूल हुए हैं चयनित

सीबीएसई बोर्ड से एफिलिएशन मिलने के बाद अब अटल उत्कृष्ट स्कूलों में बच्चों के एडमिशन शुरू हो गए हैं। दून में 12 स्कूलों का चयन किया गया, जिनमें बच्चों को इंग्लिश मीडियम से क्लास और सीबीएसई पैटर्न पर पढ़ाया जाएगा। एजुकेशन डिपार्टमेंट का दावा है कि जुलाई से नए सेशन स्टार्ट होते ही इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज के साथ ही हाइटेक संसाधनों से स्टूडेंट्स की क्लासेज शुरू होगी। इसके लिए बच्चों को मोटिवेट किया जा रहा है। दून की सीईओ आशारानी पैन्यूली ने बताया कि हर स्कूल को अपने-अपने स्टाफ और प्रिंसिपल के माध्यम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर एडमिशन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिसके लिए टीचर्स भी स्टूडेंट्स को मोटिवेट कर रहे हैं।

सीटों का मानक भी होगा तय

सीबीएसई की तर्ज पर डेवलप हो रहे इन स्कूलों में क्लास 6, 9 और 11वीं में हर क्लास में सीटें कितनी होगी। इसको लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। सीनियर अधिकारियों का कहना है कि जो मानक यूके बोर्ड में रहता है, उसी हिसाब से एक सेक्शन में 60 बच्चों का एडमिशन कराने का टारगेट रखा गया है। हालांकि इसको घटाने बढ़ाने को लेकर अधिकारियों से गाइडलाइन भी मांगे जाएंगे। पहले सेशन में 10वीं के स्टूडेंट्स को यूके बोर्ड से ही एग्जाम देना होगा। अगले साल 10वीं के स्टूडेंट्स सीबीएसई बोर्ड से एग्जाम देंगे।

प्रोफेशनल क्लासेज की भी मिलेगी सुविधा

अटल उत्कृष्ट स्कूलों में स्टूडेंट्स को एकेडमिक क्लास के साथ ही प्रोफेशनल क्लास भी दी जाएगी। पहले चरण में इसे 9वीं व 10वीं क्लास में संचालित किया जा रहा है। स्टेट में 200 स्कूलों में प्रोफेशनल क्लास का संचालन किया जाना है। इसमें 9वीं व 10वीं के 20 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स को एडवांस और प्रोफेशनल कोर्स पर भी फोकस कराया जाएगा।

स्कूल स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर स्कूलों में एडमिशन कराए जा रहे हैं। इसके लिए टीचर्स और प्रिंसिपल बच्चों को मोटिवेट कर रहे हैं। सीटों का निर्धारण भी जल्द कर दिया जाएगा।

आशारानी पैन्यूली, सीईओ

देहरादून जनपद के अटल उत्कृष्ट विद्यालय--

चकराता

रा.इं.का। त्यूणी

अटल उत्कृष्ट विद्यालय लाखामंडल

कालसी

अटल उत्कृष्ट रा.इं.का। कालसी

अटल उत्कृष्ट रा.इं.का। साहिया

विकासनगर -

अटल उत्कृष्ट रा.इं.का। लौधा

अटल उत्कृष्ट विद्यालय बरोटीवाला

सहसपुर -

अटल उत्कृष्ट रा.इं.का। सेलाकुई

अटल उत्कृष्ट विद्यालय रा.इं.का।

घनानंद रा.इं.का। मसूरी

डोईवाला-

अटल उत्कृष्ट रा.इं.का। छिद्दरवाला

अटल उत्कृष्ट रा.इं.का। दूधली

रायपुर

अटल उत्कृष्ट विद्यालय रा.इं.का। थानो

अटल उत्कृष्ट विद्यालय सौडासरोली