देहरादून(ब्यूरो) : सीएम ने कहा कि 22 जनवरी को आयोध्या में होने वाले भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के सभी गवाह बनेंगे। कहा, देवभूमि उत्तराखंड से भगवान श्रीराम का भी विशेष नाता है। देवप्रयाग में श्रीराम को समर्पित रघुनाथ मंदिर व बागेश्वर जिले में निर्मल बहती सरयू नदी है। सरयू का उद्गम स्थल हमारे उत्तराखंड में है, सरयू किनारे ही अयोध्या धाम में श्री राम विराजमान हैं। कहा, सरकार ने 22 जनवरी को एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस में अवकाश घोषित किया है, जबकि, सरकारी कार्यालयों में अपराह्न 2.30 बजे तक अवकाश निर्धारित किया है। सीएम ने कहा कि अयोध्या में उत्तराखंड सदन बनाए जाने के लिए यूपी सरकार से अयोध्या धाम के नजदीक जमीन दिए जाने का आग्रह किया था। जमीन आवंटित हो गई है। करीब तीन एकड़ भूमि पर उत्तराखंडवासियों के लिए उत्तराखंड सदन बनकर तैयार होगा। कहा, अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत उत्तराखंड सरकार मंत्रिमंडल के साथ राम मंदिर के दर्शन के लिये अयोध्या जायेगी। सीएम ने कहा कि हर उत्तराखंडवासी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को धूमधाम से मना रहा है। राज्य में सांस्कृतिक महोत्सव के तहत मंदिरों व घाटों में सफाई के लिए अभियान जारी हैं।


सफाई में जुटीं कई संस्थाएं


पूरे देश में जहां अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। वहीं, कुछ संस्थाएं ऐसी भी हैं, जो मंदिरों में साफ-सफाई को लेकर अपने काम पर जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में दून की महाकाल सेवा समिति भी सिटी के तमाम मंदिरों में निशुल्क सफाई सेवा के साथ ही देवी-देवताओं की मूर्ति को सजाने पर जुटी हुई है। कहीं, मूर्तियों पर रंग भरा जा रहा है तो देवी-देवताओं के अस्त्र-शस्त्रों को भी ठीक किया जा रहा है। समिति अध्यक्ष रोशन राणा व उनकी बेटी मूर्तियों में रंग भरने पर जुटी हुई हैं। रोशन राणा के मुताबिक उन्हें जहां से भी मंदिरों की सूचनाएं मिलेंगी, वे वहां जाकर सेवाभाव के साथ साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का काम करेंगे।


108 ब्राह्मण करेंगे सुंदरकांड का पाठ


22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल की ओर से पलटन बाज़ार मिशन स्कूल सीएनआई ब्वॉइज में आयोजन किया जाएगा। सुबह 108 ब्राहमणों की ओर से सुंदरकांड पाठ व हवन किया जाएगा। इसके बाद व्यापार मंडल की ओर से बनाए गए राम मंदिर की प्रस्तुति की जाएगी। जबकि, प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सभी व्यापारियों को दो बिग स्क्रीन से लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके बाद रामायण का मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन कीर्तन व प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित होगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन के मुताबिक इस आयोजन के लिए सभी व्यापारियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है।

dehradun@inext.co.in