-विधानसभा घेराव के लिए सड़क पर उतरे 20 हजार भाजपाई

-तीन बैरीकेटिंग तोड़कर आगे बढे़ भाजपा कार्यकर्ता

-सरकार के घेराव और भाजपा की चुनावी तैयारी

देहरादून,

पहले सदन और फिर भीड़ जुटाकर सरकार के खिलाफ सड़क पर संग्राम। सोमवार को करीब 20 हजार भाजपाई सड़क पर उतर आए और हल्ला बोल दिया। विधानसभा घेरने निकले हजारों भाजपाइयों को रोकने के लिए पुलिस ने विधानसभा के रास्ते पर चार-चार बैरीकेड लगा रखे थे। इनमें से तीन बैरीकेड को भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया। इतना ही नहीं, कई कार्यकर्ता आखिरी बैरीकेड कूदकर विधानसभा के नजदीक तक पहुंच गए। सड़क पर करीब तीन घंटे तक भाजपाइयों ने शक्ति प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का भी थोड़ा इस्तेमाल किया। इस दौरान दर्जनों कार्यकर्ता, कई पुलिसकर्मी घायल भी हो गए। दरअसल सरकार को घेरने के लिए किया गया भाजपा का ये हल्लाबोल सिर्फ शक्ति प्रदर्शन था। भाजपा ने ये दिखाने की कोशिश की कि उसके पास 2017 के लिए बड़ा जनसमर्थन है। इस प्रदर्शन के जरिए उसने एकजुटता दिखाने की भी कोशिश की।

यह थे भाजपा के मुद्दे

-राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप

- बिगड़ती कानून व्यवस्था

- आपदा राहत घोटाला

-खनन माफिया को सरंक्षण देने का आरोप

-राज्य सरकार पर राज्य को बेचने का आरोप

चुनावी रैली जैसा प्रदर्शन

भले ही यह प्रदर्शन सरकार के खिलाफ विधानसभा का घेराव करने के लिए हुआ, लेकिन देखते ही देखते यह चुनावी रैली में बदला नजर आया। इस रैली में भाजपा के सभी सांसद और विधायक एक साथ नजर आए और एकजुटता का संदेश भी दिया। यह रैली ऐसे समय की गई, जब सत्र समाप्ति की ओर है।

भाजपा नहीं बन पाई हीरो

प्रदर्शन में भाजपा नेताओं ने भीड़ तो खूब जुटाई लेकिन वो हीरो नहीं बन पाई। बैरीकेड्स पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात जरूर था, लेकिन उनके हाथों में डंडे नहीं थे। धक्का मुक्की के साथ कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे। उन्होंने पुलिस को खूब उकसाया लेकिन पुलिस ने हल्की पानी की बौछारें छोड़ी और कुछ नहीं किया।

सुबह से दोपहर तक रैली लाइव

-सुबह 10 बजे से रेसकोर्स के बन्नू स्कूल मैदान में जुटने लगे थे भाजपाई

-दोपहर 12 बजे तक भाजपा सांसद, मेयर समेत अधिकांश भाजपा नेता और 15 हजार कार्यकर्ता मैदान में जुटे

-01:10 बजे भाजपा नेताओं के साथ विधानसभा की ओर 20 हजार कार्यकर्ता रवाना

-01:25 बजे हरिद्वार रोड स्थित एलआइसी चौक पर बनी पहली बैरिकेड तोड़ी

-01: 39 बजे रिस्पना पुल तक लगी तीनों बैरिकेडिंग कार्यकर्ताओं ने तोड़ डाली

- 02:20 बजे भाजपा विधायक और कार्यकर्ता विधानसभा चौक पर धरने पर बैठ गए

- 2:40 बजे पुलिस ने विधायकों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

-02:46 बजे मुख्य बैरिकेड पर भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं को रोका। नेताओं ने की सभा

-03:05 बजे रैली समाप्त करने की घोषणा के साथ कई नेताओं, कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी