देहरादून (ब्यूरो) सोमवार सुबह 7:30 बजे दरबार साहिब में संगत की भीड़ उमड़ी। इसके बाद गुरु महाराज के जयकारों के साथ नगर परिक्रमा निकाली गई। महिलाएं श्रीमहंत के आगे-आगे सफाई करते हुए चल रही थी। परिक्रमा में संगतों का उत्साह देखते ही बन रहा था। संगतें गुरु के जयकारों के साथ आज दी घड़ी बाबाजी रोज रोज आवे, फूल बरसांदी जांवा राह तेरे फूल बरसांदी जांवा, मेला खुशियां दां आंदा हर साल मेला खुशियां दा किवें करां, किवें करा तेरी सेवा मालका किवें करां आदि भजनों पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ रही थी।

जूस, चाय, हलवा के स्टॉल
नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल ङ्क्षबदाल पहुंची। यहां संगतों ने श्रद्धालुओं को चना, मुरमुरे, गुड़ का प्रसाद वितरण किया। यहां से श्रीमहंत के साथ संगत तिलक रोड, टैगोर विला होते घंटाघर पहुंची। यहां विभिन्न राजनीतिक दल, सामाजिक व धार्मिक संगठन से जुड़े लोगों ने श्रीमहंत का फूल माला से स्वागत किया। लोगों ने स्टाल पर जूस, चाय, चना हलवा, शीतल पेय आदि वितरित कर सेवा की। घंटाघर से पलटन बाजार होते हुए लक्खीबाग पुलिस चौकी से रीठा मंडी, एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बांबे बाग पहुंची। इसके बाद ब्रह्मलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर माथा टेकने के बाद वापस दरबार साहिब पर दोपहर 11 बजकर 45 मिनट पर विराम लिया। देर शाम तक अधिकांश संगत अपने अपने घरों की ओर रवाना हुई। दरबार साहिब ने इस वर्ष 25 हजार से अधिक संगत शामिल होने का दावा किया। श्री झंडेजी मेला आयोजन समिति के सह व्यवस्थापक विजय गुलाटी ने बताया कि परंपरा के अनुसार झंडेजी के आरोहण के तीसरे दिन संगत नगर परिक्रमा करती हैं।

dehradun@inext.co.in