-हाईकोर्ट के फैसले के बाद कभी भी कर सकते हैं नई पार्टी की घोषणा

देहरादून,

न कांग्रेस और न बीजेपी, कांग्रेस के सभी विद्रोही अब नई पार्टी बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। सूत्रों के मुताबिक वे बस, इंतजार 11 अप्रैल का इंतजार कर रहे हैं। 11 अप्रैल को बागियों पर हाईकोर्ट का फैसला आना है.इसका संकेत गुरुवार को दून पहुंचे बागियों में से एक पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ। हरक सिंह रावत दे चुके हैं।

रावत-बहुगुणा लिख रहे कहानी

कांग्रेस से बगावत और भाजपा से तरजीह न मिलने के कारण अब कांग्रेस के बागी अपनी रणभूमि तैयार करने में जुट गए हैं। गुरुवार को करीब 14 दिनों बाद सभी विधायक दून पहुंचे थे, लेकिन एक ही दिन बाद सभी दिल्ली फिर लौट गए। बताया जा रहा है कि दून में सही रणनीति न बन पाने के कारण सभी ने दिल्ली से ही नई रणनीति के साथ ऐलान करने की सोची है। सूत्रों के मुताबिक अब पूर्व सीएम विजय बहुगुणा व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ.हरक सिंह नई पार्टी की कहानी लिख रहे हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि बागी कुछ और विधायकों से भी संपर्क साध रहे हैं।

बॉक्स

तीन-चार सीटें जीतने का भरोसा

बागियों के करीबियों की मानी जाए तो उनको पूरा भरोसा है कि चुनाव में वे तीन-चार सीटें जीत सकते हैं और इसकी बदौलत उनकी पार्टी किंगमेकर की भूमिका में रहेगी। यहां तक कि किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत न मिलने की स्थिति पर वे डिप्टी सीएम की डिमांड तक कर सकते हैं।

हृदयेश का नरम हृदय

कांग्रेस आलाकमान बागियों को लेकर चाहे जो कहे लेकिन इंदिरा हृदयेश की दरियादिली उन पर जरूर बनी हुई है। हृदयेश ने शनिवार को हल्द्वानी में कहा कि बागी विधायकों की सदस्यता अभी तक कांग्रेस ने रद नहीं की है। वह अभी भी कांग्रेसी हैं। वे पार्टी के सामने अपना पक्ष रख सकते हैं। पार्टी उनको जरूर सुनेगी।

बॉक्स

कांग्रेस को सेंधमारी का डर

इधर कांग्रेस को अपने विधायकों की सेंधमारी का डर सता रहा है। इसीलिए उसने अपने कई विधायकों को कांग्रेस शासित राज्यों में नजरबंद कर लिया है। कुछ विधायक शुक्रवार को हिमाचल भेज दिए गए तो खबर है कि शनिवार को भी कुछ विधायकों को दून से बाहर भेज दिया गया।

::बॉक्स:::

बहुगुणा को घेरने की तैयारी

कांग्रेस के बागी विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को उनके घर में घेरने की तैयारी शुरू हो चुकी है। पांच अप्रैल को प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय खुाद सितारगंज पहुंच रहे हैं। जिले के सभी कांग्रेसियों को वहां जुटने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट ने मंडी गेस्ट हाउस में पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक की और पांच को जिले भर के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की जिम्मेदारी बांटी। बताया जा रहा है इसी दिन विजय बहुगुणा खेमे के पदाधिकारियों के खिलाफ भी पार्टी कार्रवाई भी कर सकती है।