- प्रोजेक्ट्स के कंप्लीट होने पर अन्य प्रोजेक्ट्स की मंजूरी मिलने में मिलेगी मदद

DEHRADUN: मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने वाह्य सहायतित परियोजनाओं के तहत संचालित परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि पूर्व निर्धारित परियोजनाओं के समय से पूर्ण होने पर अन्य योजनाओं को मंजूरी मिलने में मदद मिलेगी। उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों का निराकरण भी समय से करने के निर्देश दिए।

योजनाओं की करें समीक्षा

फ्राइडे को मुख्य सचिव सभागार में वाह्य सहायतित परियोजनाओं के तहत विभिन्न विभागाें के स्तर पर संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि सभी सम्बन्धित विभाग परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देकर उन्हें पूरा करने का प्रयास करें। बैठक में बताया गया कि वाह्य सहायतित परियोजना के तहत 6818.68 करोड़ की विभिन्न विभागों द्वारा 10 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। वन, आजीविका मिशन, जलागम विकास, आपदा प्रबंधन, ऊर्जा, पेयजल, वित्त, पर्यटन, कौशल विकास एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कुल 2257.30 करोड़ के लक्ष्य की प्रतिपूर्ति के लिए 1724.92 करोड़ की प्रतिपूर्ति गत वर्ष के अंत तक हो चुकी है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि उद्यान, पेयजल, नगर विकास, एमएसएमई, सिंचाई, पर्यटन एवं लोक निर्माण विभाग से सम्बन्धित विभिन्न योजनाओं के लिये 12906 करोड़ के प्रस्तावों को वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के स्तर पर संस्तुति दी गई है। जिसके लिए फंडिंग एजेंसी की स्वीकृति प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा किये जाने के भी निर्देश दिए हैं।