-क्रांति मंच ने दिया है सीएम के नाम ज्ञापन

-दून हॉस्पिटल में पहुंचे थे नारेबाजी करते हुए

DEHRADUN: राजकीय देहरादून मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल सहित स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर जनक्रांति विकास मोर्चा के बैनर तले बुधवार को दून हॉस्पिटल परिसर में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित ज्ञापन भी सौंपा।

नारेबाजी कर जताया आक्रोश

जनक्रांति विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अमित जैन के नेतृत्व में बुधवार को मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ दून हॉस्पिटल पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग में फैले भ्रष्टाचार, सेवाओं की लचर व्यवस्था को लेकर आक्रोशित मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। इस दौरान व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी भी की गयी। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को नौ सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन दिया गया।

लोगों को नहीं मिल रही जरूरी सेवाएं

मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकताओं का कहना है कि दून हॉस्पिटल उत्तराखंड राज्य का सबसे बड़ा हॉस्पिटल है। यहां दून के अलावा दूर-दूर से मरीज आते हैं। लेकिन, अव्यवस्थाओं के चलते लोग निराश-हताश होकर लौट जाते हैं। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय महामंत्री अवधेश पंत, अजय वर्मा, प्रदीप कुकरेती, बिजेंद्र बंसल,अम्बुज शर्मा, हरि प्रकाश शर्मा, गोपाल दादर, नवनीत सेठी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

ये हैं प्रमुख मांग

न्यूरो सर्जन सहित अन्य विशेषज्ञों और स्टाफ नर्सो की संख्या बढ़ाना, संविदा कर्मियों को नियमित किए जाने, आशा कार्यकर्ताओं के लिए खरीदी गईं साडि़यों में हुए घोटाले की उच्च स्तरीय जांच, कुत्ते काटने से पीडि़त मरीजों के लिए इंजेक्शन, एक्सरे, सीटी स्कैन, एमआरआई, स्वाइन फ्लू, डेंगू मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड, जांच लैब और महत्वपूर्ण उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने सहित कई मांगे उठाई गईं हैं।