- शहर की स्वच्छता को लेकर नगर निगम सख्त
- सड़क पर थूकने, गंदगी फैलाने पर लिया जाएगा एक्शन

देहरादून, 24 मई (ब्यूरो):

सड़क पर थूकने और कूड़ा फेंकने को लेकर अब नगर निगम सख्त हो गया है। शहर को गंदा करने वालों के खिलाफ नगर निगम के सीनियर अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। सड़कों को गंदा करने वाले अब बख्शे नहीं जाएंगे। कई विभागों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे चौराहों व सड़क पर थूकने वालों के चालान कर सकते हैं। सड़कों पर कूड़ा फेंकने पर 5000 से लेकर 25000 रुपये तक का चालान काटा जाएगा।

कॉम्प्लेक्स का काटा मोटा चालान
दरअसल, बीते दिनों ब्रहमकमल चौक पर नगर आयुक्त पहुंचे तो राजपुर रोड स्थित एक कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में गंदगी का अंबार लगा दिखा। यहां जगह-जगह कूड़ा डंप किया गया था। नगर आयुक्त ने तुंरत नगर निगम कर्मचारियों को फोन कर बुलाया और कॉम्प्लेक्स के ओनर का 25 हजार रुपये का चालान काटा। इसके बाद राजपुर रोड पर बने रेस्टोरेंट व मॉल का निरीक्षण किया तो यहां भी गंदगी मिली, जिनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

इन्हें थूकने पर चालान के अधिकार
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कहीं भी थूकने पर पकड़े जाने पर नगर निगम के अधिकारियों के अलावा पुलिस विभाग व ट्रैफिक विभाग को चालान काटने का अधिकार है। नियम के अनुसार कोई भी ट्रैफिक पुलिस से लेकर, सामान्य पुलिस कहीं भी किसी को थूकते हुए पकडऩे पर 500 रुपये तक का चालान काट सकती है। ऐसे में सड़क पर थूकते व गाड़ी चलाते हुए थूकने वालों को अब संभलने की जरूरत है।

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन पर जोर
नगर निगम डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर जोर दे रहा है। नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो बार-बार डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नोटिस दिए जाने के बाद भी कई होटल, हाउंसिंग सोसायटी व व्यापारी गाड़ी में कूड़ा नहीं डालते। जिसे देखते हुए नगर निगम की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बड़े व्यापरियों को 10-10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगा तो कई को 1 लाख का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद नगर निगम ने कई एरिया से डस्टबिन हटा दिए। लेकिन, इसके बाद भी यहां कूड़ा फेंकना जारी रहा। जिस पर नगर निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू की और चालान काटा।

इनके काटे गए चालान
रेसीजोन रेसीडेंसी, जवाल्पा अपार्टमेंट, आनंद विला, द अल्टीमेट अपार्टमेंट, कैलाश टॉवर, कैलाश टॉवर, गंगा अपार्टमेंट, सिद्वार्थ अपार्टमेंट, लॉर्ड कृष्णा क्रेस्ट, आईबीएम टॉवर समेत कई कॉम्पलेक्स के चालान काटे गए। जबकि अब नगर निगम कूड़ा निस्तारण समेत गंदगी फैलाने पर भी चालान काटा जा रहा।

यहां इनके हुए चालान
संस्थान - चालान
कालसंग राजपुर रोड - 10,000
सेमवाल बिल्डिंंग राजपुर रोड - 25000
शर्मा बिल्डिंग राजपुर रोड - 25000
केसी सूप बार राजपुर रोड - 25000
कुनबा कैफे राजपुर रोड - 25000

दो फ्लावर शॉप के चालान
सिटी में इन दिनों कई जगह से डस्टबिन हटाए जाने का अभियान जारी है। इस दौरान नगर निगम अधिकारियों ने डस्टबिन हटाये जाने के बाद भी कूड़ा फेंकने पर निरंजनपुर स्थित दो फ्लावर शॉप ओनर का चालान काटा। इन फ्लावर शॉप ओनर से 5000 -5000 रुपये का चालान वसूला गया।


वर्जन-:
लगातार सिटी को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए कवायद चल रही है। लेकिन, इसके बाद भी पब्लिक कूड़ा इधर-उधर फैलाने से बाज नहीं आ रही। जिसे देखते हुए निगम की ओर से चालानी कार्रवाई की जा रही है। जो आगे भी जारी रहेगी-
मनुज गोयल, नगर आयुक्त देहरादून


dehradun@inext.co.in