- पुलिस की गाड़ी के सामने ही रास्ते पर अवैध खनन गिराकर भाग निकली तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां

VIKASNAGAR: कोतवाली अंतर्गत यमुना के नवाबगढ़ घाट पर अवैध खनन पर कार्रवाई करने गयी पुलिस आफत में फंस गई। पुलिस की गाड़ी के सामने ही रास्ते पर अवैध खनन गिराकर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भाग निकली। अवैध खनन में पुलिस की गाड़ी फंसने पर जेसीबी बुलानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस की गाड़ी को निकाला गया। तब तक अवैध खनन करने वाले वाहनों को लेकर हिमाचल प्रदेश की सीमा में जा पहुंचे। पुलिस कर्मियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। शक्तिनहर के पुल नंबर एक पार यमुना के नवाबगढ़ घाट पर अवैध खनन की सूचना पर एसएसआई नत्थी लाल उनियाल के नेतृत्व में पुलिस बल जब कार्रवाई को पहुंची तो यमुना तक जाने वाले रास्ते पर पुलिस को देखकर तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों से उपखनिज गिरा दिया गया। पुलिस वाहनों को पकड़ती, इससे पहले ही पुलिस की गाड़ी गिराए गए उपखनिज में धंस गयी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस की गाड़ी निकाली जा सकी।