गढ़वाल : रामपुर तिराहा कांड की बरसी पर गढ़वाल मंडल में राज्य आंदोलनकारियों व सामाजिक संगठनों ने शहीद आंदोलनकारियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। साथ ही जल्द दोषियों को सजा दिए जाने की मांग की।

गोपेश्वर : गोपेश्वर में आयोजित गोष्ठी में राज्य आंदोलनकारियों ने रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए जिन आंदोलनकारियों ने शहादत दी, उनकी राज्य प्रेम व राष्ट्र प्रेम की भावना को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। कहा कि तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार की बर्बरता के बाद भी शहीद झुके नहीं और लगातार आंदोलन में डटे रहे। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी राकेश तिवारी, मनीष नेगी, सुधा बिष्ट, चंद्रकला बिष्ट, अनुसूया प्रसाद, सावित्री बिष्ट मौजूद रहे।

गैरसैंण/कर्णप्रयाग : उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रामपुर तिराहे कांड के शहीदों को नमन किया गया। गैरसैंण के रामलीला मैदान में संपन्न सभा में उक्रांद संस्थापक सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष कांशी सिंह ऐरी ने कहा 26 वर्ष बीत जाने पर भी दोषियों को सजा नहीं मिल सकी है। कांग्रेस व भाजपा को आड़े आथों लेते हुए पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा दोनों राजनीतिक दल राज्य आंदोलनकारियों के प्रति गंभीर नहीं हैं। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष त्रिवेंद्र पंवार, कार्यकारी अध्यक्ष एपी जुयाल, प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, जय प्रकाश उपाध्याय मौजूद थे।

उधर, कर्णप्रयाग में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने अपर बाजार रामलीला मैदान में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ ही राज्य आंदोलन के शहीदों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सगोई ने कहा भाजपा शासनकाल में आपराधिक गतिविधियों का बढ़ना आने वाले समय के लिए शुभ संकेत नहीं है।

श्रीनगर गढ़वाल : राज्य निर्माण आंदोलनकारियों और सामाजिक कार्यकत्र्ताओं ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर कांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों को याद किया। डालमियां धर्मशाला परिसर में प्रगतिशील जन मंच की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा आरएस शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। वरिष्ठ राज्य निर्माण आंदोलनकारी मदनमोहन नौटियाल इस बात से बहुत व्यथित और आक्रोशित भी थे कि मुजफ्फरनगर कांड के दोषियों को अभी तक सजा नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने की जिम्मेदारी भी उत्तराखंड की जनता पर है। राज्य निर्माण आंदोलनकारी विमला कोटियाल, जेपी पुरी, डॉ। देवेंद्र फस्र्वाण, प्रगतिशील जन मंच के अध्यक्ष अनिल स्वामी, पालिका सभासद कु। विनोद मैठाणी और श्रीकोट गंगानाली की पूर्व प्रधान राजेश्वरी रावत, योगेंद्र कांडपाल, उम्मेद सिंह मेहरा, सावित्री ¨झक्वाण ने भी विचार व्यक्त किए। श्रद्धांजलि सभा में सभी वक्ताओं ने मांग करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर कांड के साथ ही श्रीयंत्र टापू कांड, खटीमा कांड और मसूरी कांड पर भी अविलंब न्याय दिलाया जाए। श्रद्धांजलि सभा का संचालन रेखा अग्रवाल ने किया।

पौड़ी : उत्तराखंड क्रांति दल ने दो अक्टूबर को राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान मुजफ्फरनगर में उत्तराखंड के आंदोलनकारियों के साथ हुए अन्याय के विरोध में शुक्रवार को काला दिवस मनाया। इस दौरान कार्यकत्र्ताओं ने जिला कार्यालय के बाहर धरना दिया। उन्होंने दोषियों को शीघ्र सजा दिलाए जाने की मांग भी की। धरने पर उक्रांद के केंद्रीय संगठन महामंत्री सुरेश चंद्र जुयाल, ब्लॉक अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत, मोहन नेगी, आशीष नैनवाल, करन रावत, दिनेश रावत, पवन पटवाल, अनिल सुमन आदि शामिल थे।