- सिटी में 30 हजार लीटर सेनेटाइजर का होगा छिड़काव

- सात बड़ी और 80 छोटी मशीनों से किया जाएगा सेनेटाइजेशन

- हर वार्ड में 12 से 15 कर्मचारियों की टीम करेगी काम

देहरादून

वीकली क्लोजर पर इस बार नगर निगम ने सेनेटाइजेशन के लिए कमर कस ली है। इस बार पिछले हफ्ते से दो गुना एरिया में सेनेटाइजेशन की व्यवस्था ही जा रही है। फेस्टिवल सीजन के दौरान वीकली क्लोजर न होने के कारण सेनेटाइजेशन का काम भी बंद था। अब फिर से वीकली क्लोजर शुरू होने के बाद पब्लिक प्लेसेज और वार्डो में सेनेटाइजेशन शुरू कर दिया गया है।

सात बड़ी, 80 छोटी मशीनें

इस संडे को नगर निगम में 7 बड़ी और करीब 80 छोटी मशीने सेनेटाइजेशन के लिए तैयार की हैं। 7 बड़ी मशीनें नगर निगम में खड़ी हैं। इन मशीनों को सुबह भीड़-भाड़ वाले बाजारों और अन्य पब्लिक प्लेसेज पर भेजा जाएगा। छोटी मशीनें हर वार्ड में पार्षद की अध्यक्षता वाली स्वच्छता समितियों के हवाले की गई हैं। जिन वार्डो में मशीनें नहीं हैं, उन्हें आसपास के वार्डो में सेनेटाइजेशन के बाद मशीनें उपलब्ध करवाई जाएंगी।

हर वार्ड में 12 से 15 कर्मचारी

सेनेटाइजेशन के लिए हर वार्ड में 12 से 15 कर्मचारी नियुक्त किये गये हैं। इनमें वार्ड में नियुक्त सफाई कर्मचारियों के अलावा सुपरवाइजर और इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। कुल मिलाकर नगर निगम से 12 सौ से 15 सौ कर्मचारी संडे को सेनेटाइजेशन के काम पर जुटेंगे।

डीएम ने दिये आदेश

जिला प्रशासन ने पिछले हफ्ते की कंप्लीट वीकली क्लोजर और सिटी के सभी हिस्सों में सेनेटाइजेशन के आदेश दिये थे। इस बार एक बार फिर डीएम की ओर से इस संबंध में सख्त आदेश सभी अधिकारियों को दिये गये हैं। डीएम ने वीकली क्लोजर में किसी तरह की ढिलाई न बरतने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिये है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट और सभी एसडीएम से भी अपने-अपने क्षेत्र की नगर निगम और नगर पालिका परिषदों में वीकली क्लोजर के दौरान सेनेटाइजेशन करने के आदेश दिये हैं।

-=----

संडे को सेनेटाइजेशन के लिए सभी तैयारियां कर दी गई हैं। सात बड़ी मशीनें पब्लिक प्लेसेस और भीड़ वाले बाजारों में सेनेटाइजेशन करेंगी। इसके साथ ही हर वार्ड में एक छोटी मशीन उपलब्ध करवाई गई है। प्रयास किया जाएगा का सिटी का कोई भी एरिया बिना सेनेटाइजेशन न रहे।

डॉ। आरके सिंह, सीनियर हेल्थ ऑफिसर्र नगर निगम