- गढ़वाल और कुमाऊं में तीस से ज्यादा मार्ग मलबा आने बंद

- मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट किया जारी, पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो सकती है भारी बारिश

DEHRADUN: उत्तराखंड में मौसम विभाग ने आज से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुमाऊं में बारिश ने भले ही राहत दी हो, लेकिन सड़कें बंद होने से जनजीवन प्रभावित है। गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में देर रात भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन हुआ। इससे चमोली में बदरीनाथ हाईवे कई जगह अवरुद्ध हो गया। हालांकि सीमा सड़क संगठन की टीम ने दोपहर बाद सभी स्थानों से मलबा हटाकर आवाजाही बहाल कर दी। गौरीकुंड के पास बांसवाड़ा में केदारनाथ राष्ट्रीय हाईवे पर भी मलबे के कारण यातायात चार घंटे बाधित रहा। गढ़वाल और कुमाऊं में अब भी तीस से ज्यादा मार्ग मलबा आने से बाधित हैं।

बारिश और भूस्खलन जारी

उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन का क्रम जारी है। शुक्रवार को टिहरी जिले में गंगोत्री हाईवे मलबा आने से बंद हो गया। इसके कारण टिहरी के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल और पुलिस अधीक्षक डॉ। योगेंद्र सिंह रावत भी वहां फंस गए। बाद में दोनों अफसरों को पैदल ही आधा किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ी। इसके बाद वे दूसरे वाहन से मुनिकी रेती जा पाए। हालांकि करीब दो घंटे बाद मलबा हटाकर आवाजाही शुरू कर दी गई। कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले के आपदा प्रभावित धारचूला में बारिश के कारण दारमा-व्यास सड़क बाधित हो गई। ऐसे में क्षेत्र में फंसे नागरिकों को निकालने के लिए तहसील प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की मांग की है। वहीं, बागेश्वर में शनिवार रात से शुक्रवार सुबह तक झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार के लिए प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं।