-देहरादून-महेन्द्र नगर रूट पर चलेंगी 2 बसें

-2 बसों का संचालन दिल्ली से महेन्द्र नगर के लिए होगा

DEHRADUN: अब वह दिन दूर नहीं जब उत्तराखंड और नेपाल के बीच सीधी बस सेवा का संचालन होगा। पिछले कुछ महीनों से इस कड़ी में उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी मशक्कत कर रहे थे। शनिवार को उत्तराखंड परिवहन महकमा इस दिशा में एक कदम आगे बढ़ गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम और महाकाली सेती यातायात व्यवसायी समिति महेंद्रनगर कंचनपुर नेपाल के बीच देहरादून से सीधी बस सेवा संचालन पर सहमति बन गई है। विकासनगर में नेपाल के प्रतिनिधिमंडल व परिवहन मंत्री नवप्रभात ने बसों के संचालन पर सहमति बनाई और एमओयू साइन किया है, जिसे अंतिम स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा जाएगा। उत्तराखंड और नेपाल बॉर्डर के बीच यह बस सेवा देहरादून-हरिद्वार-काशीपुर-खटीमा-बनबसा से नेपाल बॉर्डर स्थित महेंद्रनगर तक होगी।

विकासनगर में हुई बैठक

उत्तराखंड परिवहन निगम व नेपाल के प्रतिनिधि मंडल की शनिवार को विकासनगर में बैठक हुई। जिसमें देहरादून से नेपाल तक वाया बनबसा होते हुए सीधी बस सेवा पर सहमति बनी। भारत-नेपाल के मध्य सुगम परिवहन सुविधा के लिए दोनों देशों के ज्वॉइंट वर्किंग ग्रुप की बैठक जुलाई में होने के बाद बस सेवा की राह आसान हुई थी। इस योजना के तहत देहरादून से प्रतिदिन दो बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। बसों का संचालन नेपाल के महेंद्रनगर तक होगा। इसी तरह से नेपाल की समिति की ओर से भी दो बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। नेपाल के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में परिवहन मंत्री नवप्रभात ने कहा कि बस सेवाओं का संचालन सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार से अनुमति मिलने के बाद व सक्षम स्तर से नियमानुसार परमिट प्राप्त करने के बाद ही शुरू किया जाएगा।

सहमति बन चुकी है। दिल्ली से ख् बसें महेन्द्र नगर के लिए चलेंगी। साथ ही दो बसें महेन्द्र नगर से देहरादून के बीच चलेंगी। दिल्ली-महेन्द्र नगर रूट के लिए भारत सरकार की हरी झंडी मिल चुकी है, लेकिन देहरादून-महेन्द्र नगर रूट के लिए स्वीकृति मिलनी बाकी है। जल्द ही इस रूट पर भी हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है।

-दीपक जैन, महाप्रबंधक, संचालन व तकनीकी,यूटीसी