- आरोपी सहारनपुर से सेलाकुई में नौकरी दिलाने के बहाने ले कर आए थे महिलाओं को

- देह व्यापार के लिए ले जा रहे थे हिमाचल प्रदेश

देहरादून,

विकासनगर थाना पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त टीम ने देह व्यापार मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, साथ ही दो पीडि़त महिलाओं को छुड़ाया। आरोपी सहारनपुर से सेलाकुई में नौकरी दिलाने के बहाने महिलाओं को लाए थे और देह व्यापार के लिए हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे।

हरबर्टपुर मे एक ढाबे के पास दबोचा

गुरुवार रात में हरबर्टपुर क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति कार से दो महिलाओं को देह व्यापार के इरादे से पांवटा साहिब हिमाचल लेकर जा रहे हैं। इस पर पुलिस व एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की टीम ने तलाश शुरू कर दी। टीम ने पांवटा रोड हरबर्टपुर स्थित एक ढाबे के पास से कार सवार दो व्यक्तियों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान टेक सिंह उर्फ सोनू निवासी पश्चिमी दिल्ली और सूरज सिंह पंवार निवासी निकट पाइन वुड सिटी दिल्ली रोड सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है। कार से पुलिस ने शक्तिवर्धक गोलियां, आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की। पुलिस ने दोनों पीडि़त महिलाओं को मुक्त कराया। पुलिस पूछताछ में बताया गया कि आरोपी दो सितंबर को महिलाओं को जनपद सहारनपुर से सेलाकुई में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर साथ लाए। बादामावाला में महिलाओं को रात में सूरज सिंह द्वारा लिए गए किराये के कमरे में रखा। देह व्यापार कराने के लिए हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे।