- थराली मुख्य बाजार में हुई घटना

- रैली में भाजपा नेताओं ने हरीश रावत सरकार पर साधा निशाना

KARNPRYAG: थराली बाजार में पर्दाफाश रैली को संबोधित करने जा रहे पूर्व विधायक डा। हरक सिंह रावत के काफिले पर एक महिला ने चप्पल उछाल दी। इसको लेकर भाजपा और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित भाजपा की पर्दाफाश रैली के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा के साथ पूर्व विधायक हरक सिंह रावत दोपहर थराली पहुंचे थे।

कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

हरक का काफिला थराली मुख्य बाजार से गुजर रहा था, तभी बाजार में किनारे खड़ी भीड़ में से एक महिला ने काफिले की तरफ चप्पल उछाल दी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया, तो हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों नेताओं को सभा स्थल तक पहुंचाया। कुछ लोगों की भाजपा कार्यकर्ताओं से नोक-झोंक हुई। भाजयुमो और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता थाने पहुंचकर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। रात तक वे वहीं डटे हुए थे। थराली के थाना प्रभारी मदन लाल ने बताया कि चप्पल उछालने वाली महिला का पता लगाया जा रहा है।

राज्य सरकार को कोसा

पर्दाफाश रैली में केंद्रीय राज्यमंत्री टम्टा और पूर्व विधायक रावत ने राज्य सरकार को कोसा। कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है, उसकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा नेताओं ने कहा कि अब राज्य सरकार को सबक सिखाने का समय आ गया है। पूर्व विधायक रावत ने कहा कि जिस प्रकार विभीषण ने लंका को ढ़हाने में मदद की थी उसी तरह कांग्रेस से अलग हुए विधायक रावत रूपी लंका दहन में कोई कोर कसर नही छोडे़गें।