- बारिश से हरिद्वार को लोगों को मिली उमस भरी गर्मी से निजात

- बारिश होने से खिल उठे किसानों के चेहरे

HARIDWAR: तेज हवा के साथ हुई बारिश ने हरिद्वार के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। वहीं, बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं। बारिश के बाद ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, बारिश से शहर में कई जगहों पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने बारिश को राहत भरी बारिश बताया।

तापमान में आई गिरावट

विगत एक माह से गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली है। बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। जिसके चलते गर्मी की मार झेल रहे लोगों को काफी हद तक गर्मी से छुटकारा मिला है। गुरुवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह साढ़े छह बजे बारिश होने लगी, लेकिन कुछ ही मिनटों के बाद बारिश बंद हो गई। थोड़ी देर मौसम साफ रहने के बाद करीब साढे़ सात बजे एक बार फिर आसमान काले बादलों से ढक गया।

कई स्थानों पर हुआ जलभराव

देखते ही देखते दोबारा से झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद हल्की हवा बहने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं, बारिश होने से किसान भी खुश हैं। किसानों का कहना है एक-दो अच्छी बारिश होनी चाहिए, ताकि धान की फसल में पानी की कमी दूर हो सके। दूसरी ओर बारिश से शहर में जगह-जगह पानी भर गया। शहर के रानीपुर मोड़, भगत सिंह चौक, बस स्टैंड के पास पानी जमा हो गया। जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश होने से तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।