-परिवहन मंत्री नवप्रभात के पुत्र बंकिम की शव यात्रा में उमड़ा सैलाब

-मुख्यमंत्री, कई मंत्री और दिग्गज नेता अंतिम यात्रा में हुए शामिल

DEHRADUN: प्रदेश के परिवहन मंत्री नवप्रभात अपने जिगर के टुकड़े को मुखाग्नि देते समय बेहोश हो गए। बुधवार को मंत्री के इकलौते पुत्र बंकिम शर्मा की अंतिम शव यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने नम आंखों से बंकिम को अंतिम विदाई दी। शवयात्रा में मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई कैबिनेट मंत्री, विभिन्न दलों के नेता व अधिकारी शामिल रहे। शोक में बुधवार को विकासनगर मुख्यबाजार बंद रहा। बेहद शांत स्वभाव के बंकिम की मौत की खबर सुन समूचे पछवादून क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी।

लोगों ने जैसे-तैसे संभाला

विकासनगर के शांतिधाम में अंतिम संस्कार के दौरान अपने इकलौते पुत्र बंकिम को मुखाग्नि देने वक्त गमगीन पिता मंत्री नवप्रभात बेटे की जलती चिता को देख गहरे सदमे की वजह से बेहोश होकर गिर पड़े। वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों ने जैसे-तैसे उन्हें संभाला। शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए हजारों लोगों का आवास पर तांता लगा रहा। अंतिम शवयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री डा। रमेश पोखरियाल निशंक, गृहमंत्री प्रीतम सिंह, काबिना मंत्री यशपाल आर्य, श्रममंत्री हरीश दुर्गापाल, पर्यटन मंत्री दिनेश धनै, विधायक विजयपाल सजवाण, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान, महापौर विनोद चमोली, जिलापंचायत अध्यक्ष चमन सिंह, विधायक राजकुमार, समेत कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

रो पड़े मुख्यमंत्री हरीश रावत

शांतिधाम में परिवहन मंत्री नवप्रभात के युवा पुत्र की चिता के पास सूबे के मुख्यमंत्री हरीश रावत भावुक होकर रो पड़े। सीएम के आंखों से छलकते आंसू देख वहां मौजूद कई अन्य गणमान्य लोगों की आंखें भी नम हो गई। मुख्यमंत्री ने चिता पर पुष्पाजंलि अर्पित कर बंकिम को अंतिम विदाई दी। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी ने भी दु:ख संवेदना व्यक्त की।