खटीमा (एएनआई)। Uttarakhand Assembly Elections 2022 : आगामी उत्तराखंड चुनाव के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन है। यहां 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा में आगामी 14 फरवरी, दिन सोमवार को मतदान होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां जनता को लुभाने में लगी हुई हैं। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी ने शनिवार को खटीमा में एक कांफ्रेंस के दाैरान कहा कि यदि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बरकरार रहती है तो शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद एक पैनल बनाया जाएगा। यह पैनल राज्य के लिए यूनिफार्म सिविल कोड (यूसीसी) का मसौदा तैयार करेगा। पैनल में हितधारक,न्यायविद, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धजीवी व्यक्ति शामिल होंगे।

सभी को समान अधिकार
सीएम पुष्कर धामी ने कहा,यह यूनिफार्म सिविल कोड सभी लोगों के लिए विवाह, तलाक, भूमि-संपत्ति और विरासत के संबंध में समान कानूनों का प्रावधान करेगा चाहे उनका धर्म कुछ भी हो। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता को जल्द से जल्द लागू करने से राज्य में सभी के लिए समान अधिकारों को बढ़ावा मिलेगा। यह सामाजिक सद्भाव को बढ़ाएगा। इसके साथ ही लैंगिक न्याय को बढ़ावा देगा। इतना ही नहीं महिला सशक्तिकरण को मजबूत करेगा और राज्य की असाधारण सांस्कृतिक-आध्यात्मिक पहचान और पर्यावरण की रक्षा करने में मदद करेगा।

यह पार्टी का है संकल्प
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने यह भी कहा कि मैं जो घोषणा कर रहा हूं वह मेरी पार्टी का एक संकल्प है। यह नई भाजपा सरकार बनते ही पूरा हो जाएगा। 'देवभूमि' की संस्कृति और विरासत को बनाए रखना हमारा मुख्य कर्तव्य है। हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। बता दें कि विधानसभा चुनाव के दाैर में उत्तराखंड विधानसभा के लिए एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। वहीं मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

National News inextlive from India News Desk