कानपुर। दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार सुबह मुुंबई में निधन हो गया। ऋषि को कल तबियत खराब होने के चलते मुुंबई के एक अस्पताल में एडमिट कराया गया था। ऋषि के साथ कई फिल्मों में साथ काम करने वाले महानायक अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। वो चले गए, ऋषि कपूर का निधन, मैं पूरी तरह से टूट गया हूं।' ऋषि कपूर के निधन की पुष्टि करते हुए उनके भाई रणधीर कपूर ने पीटीआई से कहा, 'वह अब नहीं रहे। उनका निधन हो गया है।'

अमेरिका से कैंसर का इलाज करा कर लौटे थे

लगभग एक साल तक अमेरिका में कैंसर का इलाज कराने के बाद ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। फरवरी में, ऋषि अपने खराब स्वास्थ्य के चलते दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्हें पहले दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ वे एक पारिवारिक समारोह में भाग ले रहे थे। उस समय, कपूर ने कहा था कि वह एक "संक्रमण" से पीडि़त थे। मुंबई लौटने के बाद, उन्हें फिर से वायरल बुखार के चलते एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। मगर बुधवार को वह फिर से अस्पातल में भर्ती हुए और गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

2 अप्रैल से सोशल मीडिया पर नहीं थे एक्टिव
सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाले कपूर ने 2 अप्रैल से अपने ट्विटर अकाउंट पर कुछ भी पोस्ट नहीं किया था। ऐसे में उनके फैंस इस बात को लेकर काफी चिंतित थे। आज जब उनके निधन की खबर आई तो पूरा बॉलीवुड जगत शोक में डूब गया। बता दें एक दिन पहले बुधवार को एक्टर इरफान खान की कैंसर के चलते मौत हुई थी और आज ऋषि कपूर दुनिया को अलविदा कह गए। दो दिन में दो बड़े कलाकारों का चले जाना बड़े दुख की बात है।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk