-सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो

-मुख्य मकबरे पर विदेशी पर्यटकों के ग्रुप का कारनामा

आगरा: ताजमहल पर बुधवार को नियम तार-तार हो गए। विदेशी पर्यटकों के ग्रुप ने मुख्य मकबरे पर मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया। उन्हें रोकने की जहमत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों या भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मचारियों ने नहीं उठाई। ताज पर मार्शल आर्ट का सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो बुधवार सुबह का बताया जा रहा है।

ताजमहल समेत किसी भी स्मारक पर परंपरागत रूप से चली आ रही गतिविधियों के अतिरिक्त कोई भी अन्य गतिविधि प्रतिबंधित है। इसके बावजूद ताजमहल में मुख्य मकबरे पर विदेशी पर पर्यटकों के योग का वीडियो वायरल होने से एएसआई द्वारा बरती जा रही लापरवाही की कलई उजागर हो रही है। पूर्व में भी ताजमहल में विदेशी महिला पर्यटकों द्वारा नृत्य किया गया था। उनके खिलाफ भी कोई कार्यवाही नहीं की गई थी।

अधीक्षण पुरातत्वविद वसन्त स्वर्णकार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। इसे दिखवाया जाएगा।