कानपुर। Weather Alert देश में आज के माैसमी सिस्टम पर नजर डालें तो कुछ इलाकों को छोड़ दें बाकी जगहों पर सामान्य रहेगा। वेदर एजेंसी स्काई मेट के वैज्ञानिकों के मुताबिक बीते दिनों उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर के करीब बना वेस्टर्न डिस्टरबेंस अब आगे निकल गया है। वहीं मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में एक अन्य चक्रवाती क्षेत्र तटीय कर्नाटक के ऊपर बना हुआ है। इस बीच एक ट्रफ इन दोनों सिस्टमों को आपस में कनेक्ट कर रही है। जिससे कुछ जगहों पर इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है।
एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार
उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। पूर्वोत्तर में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में ऊंचे स्थानों पर हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में आंतरिक तमिलनाडु और कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। तमिलनाडु के बाकी हिस्सों और लक्षद्वीप में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी कुछ जगहों पर बादल गरजने के साथ बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर में माैसम थोड़ा बिगड़ा रह सकता
वहीं भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के मुताबिक भी आज पूर्वोत्तर में माैसम का मिजाज बिगड़ा रहने के आसार हैं। यहां कई इलाके बारिश की चपेट में रहेंगे। आज झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
National News inextlive from India News Desk