नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा केंद्र सरकार को कोविड-19 मैनेजमेंट को लेकर लगातार घेर रही हैं। गुरुवार को उन्होंने कोविड-19 वैक्सीनेशन संकट को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर भारत की जनता जवाब चाहती है टाइटल वाले वीडियो के जरिए पूछा कि भारत सरकार ने वैक्सीन का पहला ऑर्डर जनवरी 2021 में क्यों दिया? जबकि अन्य दूसरे देशों ने 2020 के मध्य में ही ऑर्डर देने शुरू कर दिए थे। हमारी सरकार ने क्यों जनवरी से मार्च 2021 के बीच 6 करोड़ वैक्सीन का निर्यात किया जबकि उस समय तक देश में सिर्फ 3.5 करोड़ डोज लगाई गई थी। केंद्र सरकार को भारत की जनता के सवालों के जवाब देने पड़ेंगे। हमें उनसे सवाल पूछने होंगे और उन्हें जवाब देना ही होगा।


कोविड-19 टीकों की कमी के लिए केंद्र की आलोचना की
कांग्रेस नेता ने पहले भी देश में कोविड-19 टीकों की कमी के लिए केंद्र की आलोचना की है। इससे पहले अप्रैल में उन्होंने ट्वीट किया था, चौंकाने वाला है कि कोविड ने भारत को तबाह कर दिया। भारत एक वैक्सीन निर्यातक होने से वैक्सीन आयातक बनने के लिए मजबूर हुआ। सरकार के 70 साल के प्रयास विफल हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत ने अब तक कोविड-19 टीकों की 20,26,95,874 खुराक दी है। देश भर में वैक्सीन की कमी के कारण पिछले कुछ दिनों में टीकाकरण केंद्रों को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। पंजाब, केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और कर्नाटक सहित कई राज्यों ने कोविड-19 टीकों के लिए ग्लोबल टेंडर जारी किए हैं

पंजाब सरकार को सीधे टीके भेजने से इनकार कर दिया
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पिछले हफ्ते बताया कि वैक्सीन निर्माता मॉडर्न ने पंजाब सरकार को सीधे टीके भेजने से इनकार कर दिया है। दिल्ली को भी फाइजर और मॉडर्न से यही प्रतिक्रिया मिली है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को जानकारी दी कि स्पुतनिक वी के निर्माता दिल्ली में वैक्सीन की आपूर्ति करने के लिए सहमत हो गए हैं। कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्र स्तर पर टेंडर निकालने का आग्रह किया है।

National News inextlive from India News Desk