पटना (आईएएनएस)। Bhagalpur Bihar Bridge Collapse : बिहार के भागलपुर में रविवार को गंगा नदी पर 1700 करोड़ की लागत से बन रहा पुल एक मिनट में ध्‍वस्‍त हो गया। इसके चार पिलर पूरी तरह गंगा नदी में समा गए। इसके अलावा इसके 100 से अधिक स्‍पैन ढह गये। भागलपुर पुल ढहने को लेकर बिहार सरकार की आलोचना हो रही है। पिछले साल 30 अप्रैल को भी इस पुल का एक हिस्सा टूटा था। हालांकि बिहार में यह पहली बार नहीं है कि पिछले एक साल में हुई ऐसी घटनाओं की लंबी फेहरिस्त है।


16 मई
बिहार के पूर्णिया जिले में एक निर्माणाधीन सड़क पुल कांक्रीटीकरण के चार घंटे बाद ढह गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार और इंजीनियर घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे हादसा हुआ।

19 मार्च
बिहार के सारण जिले में अंग्रेजों के जमाने का एक सड़क पुल गिरने से दो लोग घायल हो गए थे। घायलों में ट्रक का चालक व खलासी शामिल है। पत्थर के चिप्स से लदा ट्रक के गुजरते समय पुल जा गिरा। वाहन के अत्यधिक भार के कारण पुल ढह गया। महानदी नदी पर अंग्रेजों के जमाने का पुल बना था और पिछली बाढ़ के बाद से इसकी हालत खराब थी। पुल जर्जर हो रहा था और कई जगहों पर दरारें भी नजर आ रही थीं। तमाम जर्जरता के बावजूद इसे खतरनाक पुल घोषित नहीं किया है। पुल के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड नहीं लगा था।


19 फरवरी
बिहार के पटना जिले में एक निर्माणाधीन पुल गिर गया। घटना बिहटा-सरमेरा फोर लेन मार्ग पर हुई। पटना को नालंदा जिले से जोड़ने वाली सड़क आंशिक रूप से बनी है। घटना जिले के नौबतपुर प्रखंड के रुस्तमगंज गांव की है। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।


16 जनवरी
बिहार के दरभंगा जिले में ओवरलोड ट्रक की वजह से लोहे का पुल गिर गया था। घटना दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान प्रखंड के सबोहर घाट की है। कमला बलान नदी पर स्थित यह पुल दरभंगा को मधुबनी, सहरसा और समस्तीपुर जिलों से जोड़ रहा है। ट्रक रेत से लदा हुआ था। जब पुल के बीच पहुंचा तो वह टूट गया और ट्रक नदी में गिर गया। वाहन के चालक और सहायक ने नदी में कूदकर जान बचाई।


18 नवंबर, 2022
बिहार के नालंदा जिले में एक निर्माणाधीन सड़क पुल के ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वेना ब्लॉक में चार लेन के खंड पर सड़क पुल का निर्माण चल रहा था। यह पुल पूर्व में भी घटिया निर्माण सामग्री के कारण टूट गया था।

9 जून, 2022
बिहार के सहरसा जिले में पुल का एक हिस्सा गिरने से तीन मजदूर घायल हो गए थे। हादसा सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के कंडुमेर गांव में कोसी तटबंध के पूर्वी हिस्से में हुआ। पुल पर काम कर रहे घायल मजदूर टूट नीचे गिर गये और मलबे में दब गये। अन्य मजदूरों द्वारा उन्हें बचाया गया और सदर अस्पताल, सहरसा में भर्ती कराया गया।

20 मई, 2022
राजधानी पटना में अत्यधिक बारिश के कारण 136 साल पुराना एक सड़क पुल गिर गया। पुल पटना से 25 किमी दूर फतुहा में स्थित था। पुल का निर्माण ब्रिटिश काल के दौरान 1884 में हुआ था। स्थानीय निवासियों का दावा है कि पुल का रखरखाव खराब था। भारी बारिश को लेकर जिला प्रशासन सतर्क नहीं था। घटना तब सामने आई जब निर्माण सामग्री से लदा एक ट्रक उस पुल को पार कर रहा था। ज्यादा वजन होने के कारण यह गिर गया है। पुल व सड़क निर्माण विभाग ने इसे खतरनाक पुल घोषित कर दिया था और पिछले 25 साल से भारी वाहनों को चलने की इजाजत नहीं दी थी। इस हादसे में ट्रक का चालक व खलासी घायल हो गया।

National News inextlive from India News Desk