पटना(ब्यूरो)। राजधानी समेत प्रदेश में पछुआ हवा के कारण उष्ण लहर की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को बांका और पूर्णिया लू की चपेट में रहे। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र झारखंड व इसके आसपास बना हुआ है। इनके प्रभाव से पटना समेत प्रदेश के 13 शहरों गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगडिय़ा जिले के एक या दो स्थानों पर लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शुष्क बना रहेगा मौसम

पटना व इसके आसपास के इलाकों में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। गुरुवार को पटना के अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन डिग्री ऊपर चढऩे के साथ 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 42.2 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। गुरुवार को पटना समेत प्रदेश के औरंगाबाद, गया, नवादा, डेहरी, भागलपुर, पूसा, मुजफ्फरपुर, वाल्मीकि नगर, जीरादेई, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगडिय़ा के अधिकतम तापमान में आंशिक कमी दर्ज की गई।

13 को कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट

प्रदेश के शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। शुक्रवार को पटना व इसके आसपास क्षेत्र में तेज धूप व उष्ण हवा के प्रवाह से लोग परेशान रहेंगे। हालांकि 13 और 14 मई के उत्तर-पूर्व और दक्षिण पूर्व भागों के एक या दो स्थानों पर बिजली चमकने के साथ मेघ गर्जन व हल्की वर्षा की संभावना है। इनके प्रभाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।