- रंग ला रही है दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की मुहिम

- बाल विवाह और दहेज के खिलाफ चलाया गया था अभियान

- सीएम नीतीश कुमार हैं गंभीर, निर्देश देकर तैयार करा रहे प्लान

PATNA: दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की दहेज और बाल विवाह के खिलाफ चलाई गई मुहिम अब रंग ला रही है। सरकार से लेकर सरकारी महकमा इस कुरीति के खिलाफ मास्टर प्लान तैयार करने में लगा है। सीएम नीतीश कुमार इसे लेकर काफी गंभीर हैं और वह सामाजिक जागरुकता अभियान चलाकर बिहार से इस बुराई का अंत करने में लगे हैं। सीएम के निर्देश पर सूबे में जून माह से कोई बड़ा अभियान दिख सकता है।

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की मुहिम को बल

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने बाल विवाह और दहेज के खिलाफ लगातार आवाज उठाई है। दोनों सामाजिक बुराई के खिलाफ आवाज उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का काम किया गया जिसके बाद सरकार जागी और एक बड़ा प्लान तैयार हो गया। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के ये आग कब बुझेगी और बंद करो बाल विवाह अभियान ने सरकार को जगाने में बड़ी भूमिका निभाई है। सीएम नीतीश कुमार के संज्ञान लेने के बाद अब प्रशासनिक मुहिम चल पड़ी है।

जागरुकता के लिए बन रहा प्लान

रेडियो, टीवी, सिनेमा और नुक्कड़ नाटक से प्रचार कर दहेज और बाल विवाह के खिलाफ लोगों को जागरुक करने का काम किया जाएगा। मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह के मार्गदर्शन में एक्शन प्लान को तैयार किया जा रहा है। प्लान के मुताबिक पहले चरण में रेडियो, टीवी चैनल, सिनेमा हॉल, नुक्कड़ नाटक आदि माध्यमों से बाल विवाह एवं दहेज के खिलाफ जागरूककता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सभी जिलों में सार्वजनिक जगहों पर बड़े-बड़े होर्डिग लगाए जाएंगे।

इस पर होगा ध्यान

- सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से महिला विकास निगम द्वारा बाल विवाह एवं दहेज के खिलाफ डाक्यूमेंट्री और स्लाइड, पोस्टर-बैनर आदि प्रचार सामग्री तैयार कराया जा रहा है

- शराबबंदी की तर्ज पर गांव-गांव में बाल विवाह और दहेज जैसी कुरीतियों के विरुद्ध लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा

- समाज के प्रबुद्ध नागरिकों की मदद से लोगों को किया जाएगा जागरुक

- जागरुकता अभियान में महिलाओं को जोड़कर मुहिम को दी जाएगी धार

- प्रदेश के सभी विद्यालयों में भी होंगे जागरुकता कार्यक्रम

- अभियान को सफल बनाने में जीविका के अलावा अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं की भी ली जाएगी मदद