पटना (ब्यूरो)। फैमिली की सख्ती के बावजूद दो सहेलियां जिंदगी भर साथ रहने की शपथ ले चुकी है। 22 वर्षीय श्रेया और 19 साल की तनिष्क पढ़ाई पूरी कर सात फेरे लेंगी। पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने दोनों का बयान दर्ज कराने के बाद मुक्त छोड़ दिया। दोनों सहेलियां सैटरडे को महिला हेल्पलाइन पहुंची थी।

दानापुर और पाटलिपुत्र निवासी हैं दोनों
स्वजन ने दोनों को अलग करने का बहुत प्रयास किया। दोनों की पढ़ाई छुड़ा दी गई। हत्या की धमकी दी गई, श्रेया के खिलाफ पाटलिपुत्र थाने में अपहरण का मामला तक दर्ज कराया गया। गुरुवार को यह मामला तब सामने आया था, जब दोनों सहेलियों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर अपनी बात रखी। एक दानापुर की रहने वाली है तो दूसरी पाटलिपुत्र की निवासी है। एक सप्ताह पूर्व दोनों एक शापिंग मॉल के पास मिलीं और घर नहीं लौट दिल्ली चली गई। इसके बाद तनिष्क के परिवार वालों ने पाटलिपुत्र थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया था।

साथ रहने का कानूनी अधिकार
पुलिस छानबीन में जुटी थी, इसी बीच गुरुवार को दोनों पटना लौटीं और महिला थाना पहुंच गई। वहां एक-दूसरे से शादी करने की बात कही। दोनों ने पुलिस को बताया कि दोनों बालिग हैं। इस बात की खबर जब घरवालों को हुई तो उन्होंने मोबाइल फोन छीन लिया तथा घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी। इसी बीच मौका लगने पर दोनों भाग कर फिर एक साथ हो गईं। अब दोनों का कहना है कि वे बालिग हैं और उन्हें साथ रहने का कानूनी अधिकार भी है।