- चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कई थाना क्षेत्रों में तैनात किए गए अतिरिक्त पुलिसकर्मी

- मुख्य सड़क से गली तक पैदल कर रहे हैं गश्ती

PATNA

: लॉकडाउन लागू होते ही राजधानी में चोर एक्टिव हो गए हैं। हर दिन कहीं न कहीं घरों का ताला तोड़ रहे हैं। बढ़ रही चोरी की वारदात पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। शहर की सुरक्षा को चुस्त रखने के लिए नया-नया फंडा अपनाया जा रहा है। थानों में पुलिसकर्मियों की भी कमी है। इस वजह से सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए शहर के कई थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थानों में सीमित संसाधन है। अभी वारदात भी बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को गश्ती के लिए तैनात किया गया है।

गलियों में भी रख रहे नजर

शहर की सुरक्षा में सेंध न लगे इसके लिए पुलिस लाइन से जवानों और अधिकारियों की टीम को रात में गश्ती पर लगाया गया है। राजीव नगर और पाटलिपुत्रा थाना क्षेत्र में गश्ती कर रहे पुलिसकर्मियों ने बताया कि रात में सड़कों और गलियों पर नजर रखने के लिए हमलोगों को तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि कोई भी संदिग्ध मिल रहा तो उससे पूछताछ के बाद ही छोड़ रहे हैं।

कई स्तर पर हो रही सुरक्षा

पुलिस शहर में कई स्तर पर शहर की सुरक्षा कर रही है। क्यूआरटी के जवान बाइक से गश्ती करते हैं। पेट्रोलिंग की गाडि़यों से मुख्य सड़क से लेकर गलियों तक पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा साइकिल से भी पुलिसकर्मी गश्ती कर रहे हैं।

थानों में फोर्स की कमी

राजधानी के अधिकांश थानों में फोर्स के अलावा संसाधनों की भी कमी है। कई थानेदारों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि थानों में फोर्स की कमी है। कोरोना और लॉकडाउन की वजह से पुलिसकर्मियों का काम बढ़ गया है। जवानों को मास्क की चेकिंग और लॉकडाउन की पालन करने के लिए ड्यूटी पर तैनात किया गया है। वहीं, कई जवानों को गश्ती पर भेजा जा रहा है। इस वजह से जवानों को आराम भी नहीं मिल रहा है।