-समीक्षा बैठक में नगर विकास मंत्री बोले, तीन महीने में दुरुस्त हो सफाई व्यवस्था

- व्यावसायिक क्षेत्रों में दो और आवासीय क्षेत्रों में रोज एक बार हो सफाई

PATNA: नगर निकायों की बेहतर साफ-सफाई सरकार की पहली प्राथमिकता है। राज्य के सभी नगर निकायों में 3 महीने के अंदर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। नगर निकायों के व्यावसायिक क्षेत्रों में हर दिन दो बार साफ-सफाई की व्यवस्था हो। आवासीय क्षेत्रों में भी कम से कम एक बार सफाई की जाए। नगर निकायों में साल में तीन बार, मानसून से पहले, मानसून के दौरान और मानसून के बाद सफाई हो ताकि जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके। उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बुधवार को अधिवेशन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिया।

आसानी से हो समाधान

कोसी प्रमंडल के सभी नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षात्मक बैठक में मंत्री ने कहा कि लगातार चौथी बार शहरी क्षेत्र से विधायक चुना गया हूं। इस कारण शहरों की समस्याओं से भलीभांति वाकिफ हूं। हर प्रमंडल के लिए अलग से नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है, ताकि नगर निकायों की समस्या का समाधान मुख्यालय स्तर पर आसानी से हो सके। इसके पूर्व विभागीय सचिव आनंद किशोर ने मंत्री का स्वागत किया। बैठक में खगडि़या के सांसद महबूब अली कैसर और सहरसा के विधायक आलोक रंजन ने कहा कि पहली बार नगर निकायों के समस्याओं के बारे में ध्यानाकर्षण करने का मौका मिला है।

समीक्षा बैठक में लिए गए ये निर्णय

- सभी नगर निकायों में स्ट्रीट लाइट लगाने के काम की होगी समीक्षा।

- सुपौल में एसटीपी बनाने के लिए डीपीआर तैयार, जल्द मिलेगा एनओसी।

- सम्राट अशोक भवन के लिए हर जिले में उपयुक्त भूमि उपलब्ध का निर्देश।

- नगर निकायों में ऑटो स्टैंड के लिए भूमि चिह्नित कर निर्माण का निर्देश।

- नगर निकायों के सभी पार्को के रखरखाव का जिम्मा वन विभाग को सौंपने का निर्देश।