बेउर जेल से दानापुर व्यवहार न्यायालय में शुक्रवार को पेशी के लिए लाए गए कुख्यात छोटे सरकार उर्फ अभिषेक सिंह की पुलिस हिरासत में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वह मूल रूप से बिहटा के सिकंदरपुर गांव का निवासी था। घटना को अंजाम देकर भाग रहे दोनों अपराधियों को सुरक्षाकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से दबोच लिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गया। दोनों के पास से दो पिस्टल और गोली बरामद की गई है। इनकी पहचान समरजीत कुमार और एक नाबालिग है। दोनों मुजफ्फरपुर स्थित भगवानपुर के रहने वाले है। समरजीत के जांघ में खुद की फायरिंग से गोली लग गई थी। प्रारंभिक उपचार के बाद दोनों अपराधियों को दानापुर थाना लाया गया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के स्वजन भी वहां पहुंच गए। उसे जीवित बताते हुए अस्पताल ले जाने की बात करने लगे।

एसएसपी राजीव मिश्रा, पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राजेश कुमार, एएसपी अभिनव धीमान भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस को घटनास्थल पर तीन खोखा मिला है। एफएसल की टीम को भी बुलाया गया था। अभिषेक के खिलाफ जहानाबाद और पटना के अलग अलग थानों में हत्या के आठ, रंगदारी के दो, आम्र्स एक्ट सहित 15 मामले दर्ज थे। अभिषेक को जुलाई 2022 में अरवल के पूर्व विधायक चितरंजन सिंह के दो सगे भाइयों शंभू ङ्क्षसह और गौतम सिंह की हत्या मामले में गिरफ्तार किया गया था। तब से वह बेउर जेल में था। एसएसपी ने बताया कि अभिषेक के खिलाफ पूर्व से कई मामले दर्ज थे। घटना में संलिप्त दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। कुछ अन्य लोगों का नाम उजागर हुआ है, उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

पीछे से सिर में उतार दी गोलियां

अभिषेक को शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बेउर जेल से पेशी के लिए दानापुर व्यवहार न्यायालय लाया गया था। करीब दो बजे उसे न्यायालय हाजत से लेकर सिपाही भूरन झा व आम्र्स गार्ड दिवान कुमार मंडल एडीजे 3 के न्यायालय में पेशी को लेकर जा रहे थे। बिहटा थाना कांड संख्या 454/19 दानापुर सेशन ट्रायल संख्या 762/23 में उसकी एडीजे 3 मनोज कुमार श्रीवास्तव के यहां पेशी थी। कोर्ट हाजत से थोड़ा सा आगे बढ़ा ही था कि एक अपराधी ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुन पुलिस कुछ समझ पाती कि भीड़ में शामिल दूसरे अपराधी ने अभिषेक के सिर में पिस्टल सटा कर गोली मार दी। गोली लगते ही अभिषेक पास खड़ी बाइक पर जा गिरा। फायरिंग से कोर्ट में अफरातफरी मच गई। यह देख अभिषेक के साथ मौजूद पुलिस और कोर्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने आसपास के लोगों की मदद से दोनों अपराधियों को दबोच लिया। दोनों के हाथ से पिस्टल छीनकर उनकी पिटाई कर दी।