पटना (ब्यूरो)। धीरज कुमार पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी खुशी कुमारी 6 फरवरी 2022 को अपने घर से गायब हो गई थी। मामले में धीरज की ओर से एयरपोर्ट थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत खुद पति धीरज ने दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया था कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर कहीं चली गई है। इस बीच उसने अपने ही एक मित्र पर अपने पत्नी को गायब करने का आरोप भी लगाया गया था। लेकिन अब यह मामला धीरज के लिए ही उलटा पड़ गया है। पुलिस ने धीरज पर ही हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाते हुए उन्हें अरेस्ट किया है।

नारको व फॉरेंस्कि जांच में खुलासा

एयरपोर्ट थानाध्यक्ष विनोद पीटर के अनुसार यह मामला एक साल पुराना है। जिसमें नए सिरे से जांच शुरू की गई। मामले में पति पर पुलिस को पहले से ही संदेह था। उनका नारको और फॉरेंस्कि जांच कराई गई। जिसमें यह बात सामने आया कि धीरज ने ही अपने पत्नी खुशी की हत्या की थी।

मित्र के साथ प्रेम संबंधों से नाराज था

पुलिस के अनुसार खुशी का धीरज के ही एक मित्र के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इस बात की जानकारी धीरज को भी हो गई थी। जिससे वह काफी नाराज चल रहा था। उसने खुद ही हत्या करके अपने मित्र को फंसाने की कोशिश की थी।

सवाल का जवाब पुलिस के पास नहीं है

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि हत्या के बाद शव का क्या किया गया। कैसे हत्या की गई। फिर शव को कहां और कैसे ठिकाना लगाया गया। यह सब बातें पुलिस की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है।