पटना ब्‍यूरो। बिहार भले ही उद्योग में पीछे है लेकिन यह ज्यादा समय तक ऐसा नहीं रहेगा। उद्योग जगत में भी यह आगे बढ़ेगा। इसके लिए बिहार का उद्योग जगत बड़े स्तर पर कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में गांधी मैदान में डेस्टीनेशन बिहार-एक्सपो 2024 का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया है। कुल पांच दिनों तक चलने वाले एक्सपो में कई नई चीजें लोगों को देखने को मिलेगी। इस बार 400 प्रोडक्ट डिस्पले के लिए लगाया गया है। ये बातें बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं एक्सपो के आयोजन समिति के अध्यक्ष रामलाल खेतान और उपाध्यक्ष आशीष रोहतगी ने कही। रामलाल खेतान ने कहा कि बिहार में ग्रोथ का बड़ा कदम उद्योग के जरिये से उठाया जा सकता है। अब इसके लिए कई सहयोगात्मक कदम उठाये जा रहे हैं।

एमएसएमई को मिलेगा बढ़ावा

शुक्रवार को डेस्टीनेशन बिहार-एक्सपो 2024 का उद्घाटन सीएम नीतीश कुमार ने एक्सपो के मेन गेट पर फीता काटकर किया। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार ने इस औद्योगिक प्रदर्शनी में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों तथा सरकार के विभिन्न विभागों एवं उनके उपक्रमों द्वारा स्थापित किए गये स्टॉल का विजिट किया। विजिट कर उनके प्रोडक्ट और सर्विसेज के बारे में जानकारी ली। सीएम ने इस आयोजन की सफलता की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस आयोजन से राज्य में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम प्रक्षेत्र के साथ साथ बृहद प्रक्षेत्र में औद्योगिक निवेश होगा। राज्य में औद्योगिकरण को गति मिलेगी।

कई गणमान्य रहे उपस्थित

इस अवसर पर सीएम नीतीश कुमार का बिहार इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन तथा क्रेडाई की ओर से वेलकम किया गया। जानकारी हो कि बीआईए और क्रेडाई इस एक्सपो के आयोजक हैं। मेला आयोजन समिति की ओर से सीएम का वेलकम एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष केपीएस केशरी, एक्सपो आयोजन समिति के अध्यक्ष रामलाल खेतान, उपाध्यक्ष आशीष रोहतगी ने किया। साथ में एसोसिएशन के महासचिव गौरव साह, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार तथा अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के अवसर पर राज्य सभा सदस्य संजय झा, राज्य सरकार उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंड्रिक आईओसीएल के मुख्य महाप्रबंधक शांतनु नाथ गेल इंडिया के महाप्रबंधक श्री अजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे।

चार साल बाद लगा एक्सपो

इस एक्सपो को लेकर सभी उद्यमियों में काफी उत्साह है। रामलाल खेतान ने बताया कि कोरोना काल से ठीक पहले वर्ष 2020 में यह लगाया गया था, इसके बाद अब यह लगाया गया है। कुल 400 से अधिक स्टॉल है, जिसमें छोटे -मोटे प्रोडक्ट से लेकर कई बड़े प्रोडक्ट भी डिस्प्ले में लगाया गया है। इस बार के आयोजन समिति में क्रेडाई बिहार भी इसमें प्रमुखता से पार्टिसिपेट कर रहा है। इसमें सरकारी कंपनियों के स्टॉल भी लगे है। जैसे गेल ने भी ग्रीन एंड क्लीन एनर्जी को लेकर स्टॉल के साथ लोगों के बीच मौजूद है।

महिला उद्यमियों को भी मिली जगह

इस एक्सपो में बिहार की उद्यमी महिलाओं के लिए जगह दी गई है। कुल 400 स्टॉल में से 74 स्टॉल महिला उद्यमियों के लिए भी लगाए गए हैं। इसमें महिलाएं अपने उत्पादों का आकर्षक ढंग से प्रस्तुति दे दी है। इसमें कई तो स्टार्ट अप हैं तो वहीं अन्य कुटीर उद्योग एवं छोटे-छोटे स्तर पर बनाए जाने वाले उत्पाद जैसे अचार, पापड़ और अन्य फूड आइटम बनाने के हुनर का डिस्प्ले किया। इसके साथ ही होम डेकोर के उत्पादों का भी डिस्पले किया गया है।

सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मन मोहा

एक्सपो को ज्यादा रूचिपूर्ण बनाने के लिए शुक्रवार की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। शाम में कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें सत्येन्द्र कुमार और उनकी टीम द्वारा लोक संगीत की प्रस्तुति ने दर्शकों की ढेरों तालियां बटोरी। इसके साथ ही कलाकारों ने बिहार के लोकगीत, बॉलीवुड और राम उत्सव की मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। अब 24 फरवरी को सूचना प्रौद्योगिकी दिवस पर राज्य सरकार द्वारा लायी गयी नई सूचना प्रावैधिकी नीति 2024 पर एक परिचर्चा कार्यक्रम 12 बजे से 2 बजे अपराह्न तक किया जाना निर्धारित है।