- पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर में दर्ज कराई एफआईआर

- रिया समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज

- ब्लैकमेल, आत्महत्या के लिए उकसाने, धोखाधड़ी समेत कई धारा लगाई गई

PATNA : बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में पटना के राजीव नगर थाने में सुशांत के पिता केके सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई है। सुशांत की गर्लफ्रेंड रही एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती, उसके परिवार और अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम जांच के लिए मुंबई पहुंच गई है। बेटे की मौत के बाद से पिता परेशान थे। मौत मामले को लेकर सुशांत सिंह के पिता ने पुलिस के बड़े अधिकारी से मुलाकात की थी। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों से कहा था कि मुंबई पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। अधिक उम्र का हवाला देते हुए उन्होंने पटना पुलिस से सुशांत मौत मामले की जांच करने की मांग की थी।

मुंबई पहुंच चुकी है टीम

रविवार को ही पटना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। राजीव नगर के थानेदार निशांत सिंह को इस केस का इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर बनाया गया। इसके बाद पटना पुलिस की तरफ से एक टीम बनाई गई। टीम में केस के आईओ के साथ इंस्पेक्टर मो। कैसर आलम, मनोरंजन भारती और एक अन्य इंस्पेक्टर शामिल हैं। आलाधिकारियों से अनुमति मिलते ही पुलिस की टीम मुंबई पहुंच गई। पटना पुलिस की टीम सुशांत मौत मामले की हर पहलुओं की जांच करेगी। इसके अलावा रिया चक्रवर्ती से पूछताछ करेगी। साथ ही मुंबई पुलिस से केस डायरी की मांग करेगी। स्टडी करने के बाद जांच को पटना पुलिस की टीम आगे बढ़ाएगी।

पिता का आरोप - रिया ने सुशांत को किया था परिवार से अलग

पटना पुलिस के अनुसार सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रिया चक्रवर्ती ने सुशांत को अपने परिवार से अलग कर रखा था। सुशांत को उसने पूरी तरह से अपने कब्जे में कर रखा था। राजीव नगर थाने में दिए अपने आवेदन उन्होंने कहा है कि सुशांत के बैंक अकाउंट को भी वही मैनेज करती थी। वह सुशांत को दबाव में रखती थी। उन्होंने रिया पर प्यार में सुशांत को फंसाकर बैंक अकाउंट से करीब 17 करोड़ रुपए निकालने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

ऑर्गेनिक खेती करना चाहता था सुशांत

सुशांत सिंह के पिता केके सिंह का आरोप है कि वह केरल में ऑर्गेनिक खेती करना चाहता था। इसका रिया ने विरोध किया कि तुम कहीं नहीं जाओगे। अगर मेरी बात नहीं मानी तो मैं मीडिया में तुम्हारा मेडिकल रिपोर्ट उजागर कर दूंगी।

कीमती सामान लेकर चली गई

सुशांत के पिता के अनुसार, रिया 8 जून, 2020 को घर से कैश, ज्वेलरी, लैपटॉप, क्रेडिट कार्ड, महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलाज के कागजात सहित कई सामान लेकर चली गई। इसके अलावा उसने सुशांत सिंह का फोन नंबर भी ब्लॉक करा दिया। सुशांत ने ये बातें अपनी बहन को फोन कर बताई थी। इसके अलावा उसकी सेक्रेटरी ने भी आत्महत्या कर ली थी। इससे वह काफी घबरा गया था।

ये लगी धाराएं

सुशांत सिंह के पिता की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के बाद राजीव नगर थाना में रिया चक्रवर्ती के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 342, 380, 406, 420, 306, 506 और 120बी के तहत एफआईआर नंबर 241/20 दर्ज की गई।

रिया पर ये आरोप

- बैंक अकाउंट से 15 करोड़ रुपए निकाल लिए।

- उसके कार्ड से खूब खर्च करती थी।

- सुशांत की पाई-पाई का हिसाब रखती थी।

- रिया उसके इलाज का डॉक्यूमेंट छिपा लिया था।

-रिया और उसके परिवार वालों ने सुशांत से ठगी की थी।

-सुशांत को ब्लैकमेल कर रही थी।

एफआईआर की प्रमुख बातें

- वर्ष 2019 के बाद की परेशानियों की जांच की जाए।

- यदि वह मानसिक रूप से परेशान था या उसका इलाज चल रहा था तो परिवार से अनुमति क्यों नहीं ली गई।

- सुशांत का इलाज कर रहे डॉक्टर की भूमिका की हो जांच।

- रिया और उसके परिजनों और सहयोगियों की भी जांच की जाए।

- सुशांत के बैंक अकाउंट से एक साल में लगभग 17 करोड़ रुपए निकाल लिए गए। पैसे को ऐसे खाते में ट्रांसफर किया गया जिसका उससे कोई लेना देना नहीं है। इसकी भी जांच हो।

- रिया के संपर्क में आने के बाद सुशांत की फिल्में कम हो गईं। इसकी पड़ताल की जाए।

- सुशांत के घर से रिया जो सामान ले गई, इस मामले जांच हो।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ केस

- रिया चक्रवर्ती

- रिया की मां संध्या चक्रवर्ती

- पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती

- भाई शोविक चक्रवर्ती

- मैनेजर सैमियल मिरांडा

- मैनेजर श्रुति मोदी