- बहुचर्चित उपन्यास कागज की नाव की मूल प्रति चोरी

-दस दिन से बंद था घर, मौका पाकर चोरों ने कर दिया हाथ साफ

-बर्तन और हैंडपंप भी ले गए चोर

PATNA: बिहार के महान साहित्यकार फणीश्वर नाथ रेणु के पटना स्थिति घर को चोरों ने मंगलवार की रात अपना शिकार बनाया। बहुचर्चित साहित्य मैला आंचल, ठुमरी, परती परिकथा का पहला संस्करण और कागज की नाव उपन्यास की मूल प्रति को चोर ले गए। सूचना मिलने पर सिटी एसपी विनय कुमार तिवारी पहुंचे। पूरे मामले की जांच-पड़ताल चल रही है। पुलिस का दावा है कि चोर जल्द ही पकड़े जाएंगे।

घर में लगा था ताला

महान साहित्यकार फणीश्वर नाथ रेणु का घर पटना के राजेन्द्र नगर में है। घर में उनके छोटे बेटे दक्षिणेश्वर प्रसाद का साला यहां रहकर पढ़ाई कर रहे थे। 10 दिन पहले उनका साला घर में ताला लगाकर कहीं चले गए थे। घर पर कोई नहीं रहता था। चोरों ने इसी का फायदा उठाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। वहां से फणीश्वर नाथ रेणु के बहुमूल्य साहित्य समेत जो हाथ लगे उसे लेकर चले गए। पास में ही उनकी बेटी नमृता सिन्हा मैला टंकी के पास रहती हैं। चोरी की सूचना मिलते ही वह पहुंची। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

किताबों पर थे रेणु के सिग्नेचर

चोरों ने फणीश्वर नाथ रेणु के बेटे पद्म पराग रेणु के राजेन्द्र नगर गोलंबर स्थित सोसाइटी के ब्लाक नंबर 2 के फ्लैट 30बी से चोरी की है। चोरी गई किताबों में मैला आंचल, ठुमरी और परती परिकथा का पहला संस्करण है। जिस पर फणीश्वर नाथ रेणु के सिग्नेचर भी थे। घर से कुछ बर्तन और एक चापाकल भी गायब है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए चोर

राजेन्द्र नगर रोड नंबर 12 में लगे एक सीसीटीवी फुटेज में दो लोग कुछ सामान का बंटवारा करते दिख रहे हैं। इसमें एक चापाकल भी दिख रहा है, इससे लग रहा है कि इन्हीं दो लोगों ने साहित्य की चोरी की है।

पैतृक गांव में भी हो चुकी है चोरी

ज्ञात हो कि इसी साल जनवरी में उनके पैतृक गांव हिंगना औराही में रेणु स्मृति भवन में भी चोरी हुई थी।

बुक पर बन चुकी है फिल्म

सामाजिक कुरीतियों को लेकर बेबाक लिखने वाले साहित्यकार फणीश्वर नाथ रेणु की चर्चित कहानी मारे गए गुलफाम पर हिन्दी फिल्म तीसरी कसम बनी थी। मैला आंचल पर टीवी सीरियल भी बन चुका है।

वारदात को अंजाम स्थानीय चोरों ने ही दिया है। जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे। चोर कोई बड़ी रकम या जेवरात नहीं ले गए हैं, लेकिन साहित्य के बहुमूल्य धरोहरों की चोरी हुई है। पुलिस गंभीरता से मामले की छानबीन कर रही है।

- विनय कुमार तिवारी, सिटी एसपी