-रैयत अब घर बैठे दर्ज करा सकते हैं जमीन से जुड़ी शिकायतें

PATNA: जमीन से जुड़ी सेवाओं में गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराने के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव विवेक कुमार सिंह ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक में कहा कि अब घर बैठे ही अंचल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। शिकायतों की नियमित समीक्षा होगी। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इसके लिए सॉफ्टवेयर बनाने का निर्देश एनआइसी को दिया। ऑनलाइन अपील के साथ ऑनलाइन समीक्षा का विकल्प भी सॉफ्टवेयर में होगा। उम्मीद है कि अगले महीने तक यह सॉफ्टवेयर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को मिल जाएगा।

हल करें समस्याएं

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन मिली शिकायतों का निबटारा प्राथमिकता से किया जाएगा। अंचल कार्यालयों को और अधिक जवाबदेह बनाया जाएगा। मालूम हो कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कुछ सेवाओं को ऑनलाइन किया है। लेकिन, उसकी रफ्तार धीमी है। ऑनलाइन म्यूटेशन के लाखों मामले लंबित हैं। जमाबंदी पंजी में त्रुटियों की वजह से आम लोग ऑनलाइन रसीद नहीं कटा पा रहे है। अबतक 11 लाख 33 हजार रैयतों द्वारा 19 करोड़ 25 लाख रुपये का ऑनलाइन लगान जमा कराया गया है। यह उम्मीदों से बहुत कम है।

कार्य की होगी समीक्षा

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने की स्थिति में राजस्व विभाग के उच्चाधिकारी निचले कार्यालयों में प्राप्त हो रही शिकायतों की संख्या, प्रकार एवं उसकी विषय वस्तु के बारे में जान पाएंगे। भविष्य में होने वाली समीक्षा में यह देखा जाएगा कि विभिन्न राजस्व कार्यालयों में कितनी ऑनलाइन शिकायतें मिली हैं और उसमें से संबंधित अधिकारी द्वारा कितने आवेदनों का किस समय निपटारा किया गया।

उप समाहर्ता कार्यालय भी ऑनलाइन

जल्द ही अनुमंडल स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय को भी ऑनलाइन किया जाएगा। अब तक यहां दायर होने वाली शिकायतें ऑफलाइन हैं। म्यूटेशन वाद में भी अंचल अधिकारी के खिलाफ अपील ऑफलाइन दायर की जाती है। इसमें पारदर्शिता का अभाव है। आनेवाले समय में भूमि सुधार उप समाहर्ता कोर्ट में भी ऑनलाइन वाद दायर किया जा सकेगा।