- रजिस्ट्रेशन में विषय की गड़बड़ी सोमवार तक सुधारने का दिया भरोसा

- एआईएसएफ ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पर किया आक्रोश मार्च

- मामला अरविंद महिला कॉलेज की सैंकड़ों इंटर छात्राओं का है

PATNA : इंटर परीक्षा में रजिस्ट्रेशन नंबर व अन्य त्रुटियों को लेकर पहले श्री अरविंद महिला कॉलेज की छात्राओं ने प्रिंसिपल और इसके बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को घेरा है। शनिवार को एआईएसएफ के बैनर तले कॉलेज की सैंकड़ों छात्राओं ने आक्रोश मार्च निकाला। बोर्ड के पदाधिकारियों ने समिति के अध्यक्ष का हवाला देते हुए दो दिनों में इसे सुधार लेने की बात कर मामला को शांत कराया।

इससे पहले सभी नृत्य कला मंदिर से जुलूस की शक्ल में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के गेट के पास आक्रोशित छात्राएं पहुंची। सभी कॉलेज प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी कर रही थीं। बोर्ड के कर्मचारी बाहर निकले तो उन्होंने अध्यक्ष आनंद किशोर से वार्ता की मांग की। गेट खोलने के आग्रह के बावजूद गेट नहीं खोला गया। इस पर छात्राओं ने गेट तोड़ते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सचिव के चैम्बर के आगे धरना पर बैठ गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को बुलाया गया।

गड़बड़ी की शिकायत की

बाद में एआईएसएफ के प्रतिनिधिमंडल ने बोर्ड के पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। इसमें इंटर के रजिस्ट्रेशन में विषय की गलतियों को सुधारने और लिंग गलती को भी सुधारने का भरोसा दिलाया गया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एआईएसएफ के जिला सचिव सुशील उमाराज ने की। छात्राओं ने बताया कि किसी का हिंदी की बजाय मगही, संस्कृत किसी का दर्शनशास्त्र की बजाय शारीरिक शिक्षा जैसे विषयों की गड़बड़ी की गई है।

जिला सचिव सुशील उमाराज ने कहा कि कॉलेज प्रिंसिपल और बोर्ड के असहयोगात्मक रवैये से सैकड़ों छात्राओं का भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इस प्रदर्शन में सैंकड़ों छात्राएं शामिल हुई। इनमें सोनी, बबली, माया, प्रतिभा, जननी , सोभा, बबीता, कल्पना, अर्पणा, प्रभात, संजीव, मनोज, निधि, रिंकु, कुसुम गुडि़या, बबीता आदि उपस्थित थे।