- शताब्दी वर्ष को भव्य तरीके से मनाने की है कोशिश

- सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिता, सेमिनार आदि का होगा आयोजन

PATNA: शताब्दी वर्ष की तैयारी को लेकर पटना यूनिवर्सिटी प्रशासन तेजी से काम में जुट गया है। हाल ही में साइंस कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि मैं पीयू का छात्र रह चुका हूं। इस नाते इस खास अवसर को भव्य तरीके से मनाने की कोशिश को कामयाब बनाया जाएगा। इस बाबत यूनिवर्सिटी अपना प्रस्ताव भेजे तो इस पर विचार करेंगे। इसके लिए भ्0 लाख रुपए तक खर्च करने के लिए दिया जाएगा।

कमेटी का होगा गठन

शताब्दी वर्ष को सफल बनाने के लिए साइंस कॉलेज में विभिन्न विभागों के बीच मंथन शुरू हो गया है। शताब्दी वर्ष एक अक्टूबर को है। इस प्रकार करीब डेढ़ माह का समय है। इस बारे में साइंस कॉलेज की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक आयोजन के लिए विशेषज्ञ कमेटी का गठन किया जाएगा। इसमें अलग -अलग कार्य के लिए यूनिवर्सिटी कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी।

प्रतियोगिता, सेमिनार आदि होंगे

कमेटी के निर्देशन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, विषय संबंधित सेमिनार, इंटर-कॉलेज काम्पटीशन आदि इवेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें पूर्ववर्ती छात्रों को भी विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। रजिस्ट्रार संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रयास होगा पटना यूनिवर्सिटी के गौरवपूर्ण इतिहास को याद करते हुए सभी छात्रों के बीच प्रेरणा दी जाए। ताकि भावी पीढ़ी न केवल इसके गौरव से परिचित हो बल्कि वे उच्च शिक्षा के महत्व को भी जानेंगे।

समस्या फंड की

पीयू सूत्रों की मानें तो आयोजन में सबसे बड़ी समस्या पैसे की है। शिक्षा विभाग कितनी राशि इस समारोह के लिए खर्च करेगा या बजट तैयार किया गया है। यह अभी स्पष्ट नहीं है। दूसरी ओर यूनिवर्सिटी इसके आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग पर निर्भर है। इसमें लाखों रुपए खर्च होंगे। इसलिए यदि समय पर पैसे नहीं मिले तो शताब्दी वर्ष फ्लॉप भी हो सकता है।