- 04 डिग्री सेल्सियस सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड

- 08बजे देर शाम तक सड़कों और बाजारों में पसर गया सन्नाटा

- 11.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहना चाहिए न्यूनतम तापमान

PATNA :

ठंड के साथ धुंध ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ठंड के कारण बहुत कम लोग ही सुबह में घरों से बाहर निकले। दिन चढ़ने के साथ ठंड में वृद्धि होती चली गई। शाम को तो सूर्यास्त होने के बाद तापमान और गिर गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.6 और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहना चाहिए। राजधानी की हवा में आर्द्रता 90 फीसदी रिकॉर्ड की गई।

छंट जाएंगे बादल

प्रदेश में मंगलवार की सुबह से ही पछुआ हवा बहने के कारण बादलों का छंटना शुरू हो गया। बुधवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है। इससे राजधानी के न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार हैं।

तेज होगी पछुआ हवा

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि राज्य में उत्तर-पश्चिमी से हवा चलने के कारण प्रदेश में ठंड बढ़ने की प्रबल संभावना है। वर्तमान में पछुआ हवा की गति काफी धीमी है, लेकिन बुधवार को वृद्धि होने की उम्मीद है।