PATNA : पटना पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। नक्सली वारदातों की प्लानिंग करने वाला हार्डकोर नक्सली मुन्ना राय पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। हालांकि इसने भागने की कोशिश जरूर की। इस क्रम में पुलिस टीम पर फायरिंग भी किया। लेकिन वो गिरफ्तारी से बच नहीं सका। पटना पुलिस की टीम ने हार्डकोर नक्सली के गिरफ्तार करने की इस कार्रवाई को पुनपुन थाना के तहत सबलपुर गांव में अंजाम दिया। कुख्यात नक्सली मुन्ना राय इसी गांव का रहने वाला है। बिहार-झारखंड में अंजाम दिए जाने वाले नक्सली वारदातों की प्लानिंग और उसकी प्रोपर मॉनिटरिंग ये अपने घर से ही करता था। वेश बदल कर नक्सलियों का अक्सर इसके घर आना-जाना लगा रहता था। जिसकी भनक पटना के एसएसपी मनु महाराज को लगी थी। इसके बाद ही एएसपी ऑपरेशन राकेश कुमार दुबे की अगुआई में एक स्पेशल टीम बनी।

- पहले की रेकी, फिर हुई कार्रवाई

मिले गुप्त सूचना को एसएसपी ने पहले अच्छे से कंफर्म करने का आदेश दिया था। इस लिए स्पेशल टीम में शामिल पुलिस वाले सादे लिवास में नक्सली मुन्ना राय के घर के पास मंडराने लगे। अच्छे से रेकी की। रेकी के दौरान ही इनकी नजर कुछ संदिग्ध लोगों पर पड़ी। जो मुन्ना के घर गए थे। इनकी हरकतें भी संदिग्धों वाली ही थी। दूसरी ओर इस ऑपरेशन की मॉनिटरिंग खुद एसएसपी कर रहे थे। घर में नक्सलियों के होने की सूचना कंफर्म करने के बाद ही रेड की गई और फिर सभी को गिरफ्तार किया गया।

- बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी प्लानिंग

जिस वक्त पुलिस ने घर में धावा बोला उस टाईम किसी बड़े नक्सली वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग चल रही थी। नक्सलियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए ठोस इंतजाम किए थे। दो रायफल, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और ख्फ् गोली मौके से बरामद किया गया। नक्सलियों के पास से मिले दोनो रायफल पुलिस के हैं। जो लूट के होने की संभावना है।

- जमीन पर करते थे जबरन कब्जा

मुन्ना राय नक्सलियों के डायरेक्ट कांटैक्ट में तो रहता ही था। पुलिस की मानें तो हर वक्त उसके पास हथियार रहते थे। हथियार का डर दिखा कर पूरे इलाके में वो अपना दबदबा बनाए रखता था। साथ ही जबरन कमजोर वर्ग के लोगों की जमीनों पर अपना कब्जा भी जमा लेता था।

पकड़ा गया मुन्ना राय हार्डकोर नक्सली है। लगातार नक्सलियों के कांटैक्ट में रहता था। वारदातों की प्लानिंग और उसकी मॉनिटरिंग ये घर से ही करता था।

मनु महाराज, एसएसपी, पटना