पटना (ब्यूरो)। भाई साहब, सब्जी बेचने की अनुमति के बारे में क्या पूछ रहे हैं। हम लोग सब्जी बेचते हैं बदले में 30 रुपए प्रति दिन देते हैं। नगर निगम के एक बाबू हर रोज कलेक्शन के लिए आते हैं। और कलेक्शन ले जाते हैं। सब्जी बेचकर वर्षों से अपना और अपने परिवार का जीवन यापन कर रहे हैं। रही बात जाम की समस्या की तो पटना में जाम यहीं नहीं पूरा शहर में लगता है। ये कहना है शहर की एक सब्जी मंडी में सब्जी बेचने वालों की। पास में ही वेडिंग जोन होने के बावजूद सड़क पर सब्जी की दुकान लगाने वालों के चलते न सिर्फ राहगीर परेशान होते हैं बल्कि शहर में जाम भी लगता है। इतना ही नहीं यहां कोविड गाइड लाइन का भी परवाह करता कोई नहीं दिखता। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम ने शहर की सब्जी मंडियों में जाकर वहां का हाल जाना। जो वास्तविकता नजर आई, उसे आप भी जानें कि कैसे सब्जी मंडियों के बाहर कारोबार चल रहा है और इसे आम जनता को क्या परेशानी हो रही है।

अंटा घाट
अंटा घाट के पास बने वेंडिंग जोन का हास जानने हमारी टीम वहां पहुंची। यहां सब्जी बेचने के लिए सरकार की ओर से वेंडिंग जोन बना हुआ है। इसके लिए व्यापारियों को जगह भी दी गई है, लेकिन इसके बावजूद व्यापारी वेंडिंग जोन के बाहर सड़क के दोनों तरफ सब्जी की दुकान सजाए नजर आए। इस कारण वहां भीड़ की समस्या भी नजर आई। सड़क पर सब्जी बेचने वाले कारोबारी से हमारी टीम ने जब सवाल किया तो व्यापारियों ने बताया कि हम लोग वर्षो से सब्जी बेच रहे हैं। कोई रोक टोक नहीं है। जाम तो पूरे शहर में लगता है। इसके लिए हम लोग जिम्मेदार नहीं है।

राजापुर पुल

इसके बाद डीजे आई नेक्स्ट की टीम राजापुर पुल स्थित सब्जी मंडी पहुंची। यहां रोड के दोनों तरफ ठेला पर सब्जी बेचने वाले का कब्जा नजर आया। इसके कारण यहां बोरिंग रोड और गांधी मैदान की ओर से आने वाले वाहन सवार परेशान हो रहे थे। यहां से गुजर रहे एक वाहन चालक ने बताया कि रोज शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक यहां जाम का झमेला रहता है। प्रशासन वाले भी ठीक से कार्रवाई नहीं करते। बस कभी-कभार डांट डपट कर सब्जी बेचने के लिए मना कर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। इससे सड़क पर ठेला लगाने वालों को कोई फर्क नहीं पड़ता।

दीघा

हमारी टीम दीघा हाट के पास पहुंची। दानापुर गांधी मैदान मुख्य मार्ग होने के चलते यहां ट्रैफिक बहुत व्यस्त रहता है। बावजूद सड़क के दोनों तरफ व्यापारी सब्जी की दुकानें सजाकर रखते हैं। ये बाजार दिन में दो बार लगता है। सुबह 6 बजे से 12 बजे तक फिर शाम को 3 बजें से रात्रि 9 बजे तक। बताते चलें कि सब्जी बेचने के लिए व्यापारियों को दीघा हाट पर सरकार की ओर से जगह पहले से निर्धारित है। बावजूद लोग सड़क पर आकर ही सब्जी बेचते हैं। इसमें से कई लोग तो ऐसे हैं जो स्वयं हाट पर सब्जी बेच रहे हैं और अपने घर के दूसरे सदस्यों को सड़क पर सब्जी बेचने के लिए लगा दिए हैं।

राजीव नगर

इसके बाद हमारी टीम राजीव नगर में पहुंची। यहां भी फ्लाई ओवर के नीचे सब्जी बाजार लगता है। शाम के समय अक्सर जाम भी लग जाता है। व्यापारियों ने बताया कि सरकार की ओर से कोई नियत जगह निर्धारित नहीं किया गया है। इसलिए यहीं पर सब्जी बाजार संचालित हो रहा है।

गाइनलाइन का भी पालन नहीं
शहर में इन दिनों कोरोना संक्रमण की रफ्तार भी बढ़ गई। इससे बचाव को लेकर कोरोना सेफ्टी प्रोटोकॉल को फॉलो करने का सख्त निर्देश दिया गया है, लेकिन इन मंडियों में सब्जी बेचने वालों से लेकर खरीदार तक रूल्स को फॉलो करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। यहां सब्जी बेचने वाले अधिकांश लोग बिना मास्क के नजर आए तो वहीं खरीदने वाले भी शारीरिक दूरी का पालन करते नहीं दिखे।

सब्जी बेचने वालों के लिए वेंडिंग जोन में स्पेस दिया गया है। इसके बाद भी अगर वे सड़क पर सब्जी बेच कर अतिक्रमण कर रहे हैं तो उनपर कार्रवाई होगी। नियमानुसार ही व्यापारी दुकान लगाएंगे। कोविड गाइडलाइन का भी पालन होगा।
- नवीन कुमार, एसडीओ पटना सदर