PATNA: भारत विश्व गुरु है। यहां से भगवान बुद्ध ने अहिंसा और महाकरुणा का जो संदेश दिया वह भारत में दो हजार वर्ष बाद आज भी जीवंत है। भगवान बुद्ध का अनुयायी होने पर मुझे गर्व है। यह बातें बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा ने कही। उन्होंने बुधवार को पटना जंक्शन स्थित बुद्ध स्मृति पार्क में पूजा-अर्चना के बाद कहा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मिलकर काफी अच्छा लगा। हम दोनों वर्षो से अच्छे और नजदीकी मित्र हैं। इस कार्यक्रम में सीएम की उपस्थिति सराहनीय है। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार और दलाई लामा ने संयुक्तरूप से आनंद बोधि वृक्ष (पीपल) का पौधा लगाया। दलाई लामा ने कहा कि अलग-अलग देशों में रहने वाले बौद्ध धर्मावलंबियों के बीच प्रेम का रिश्ता रहना चाहिए।

भारत से ज्ञान सीख रहे वैज्ञानिक

उन्होंने कहा कि हमें सारा ज्ञान भारत से मिलता है। हम भारत के शिष्य हैं। मैं भारत के लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने इतिहास और दर्शन से सीखें। दुनिया के वैज्ञानिक भी भारत के प्राचीन ज्ञान और दर्शन से सीख ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोगों के मन में काफी गुस्सा और तनाव है। इसे दूर करने के लिए लोग ड्रग्स और शराब का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह अच्छी चीज नहीं है।

सीएम को दी शुभकामनाएं

दलाई लामा ने बुद्ध स्मृति पार्क के पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में पूजा-अर्चना की। बौद्ध भिक्षुओं ने विश्व शांति, आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव से रिश्तों को मजबूत करने की प्रार्थना की। इससे पूर्व हवाई अड्डा पर सीएम नीतीश कुमार ने गुलदस्ता भेंट कर दलाई लामा का स्वागत किया। दलाई लामा ने सीएम को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी। नगर विकास और आवास मंत्री महेश्वर हजारी, कैबिनेट विभाग के प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, नगर विकास और आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, मुख्यमंत्री प्रधान सचिव चंचल कुमार, मनीष वर्मा, पटना के डीएम संजय अग्रवाल, एसएसपी मनु महाराज सहित हजारों बौद्ध धर्मानुयायी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री आवास पर सूत्रपाठ

बुद्ध स्मृति पार्क के बाद दलाई लामा 7 सर्कुलर रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास क् अणे मार्ग में बोधि वृक्ष के समक्ष परंपरागत तरीके से नीतीश कुमार के साथ पूजा-अर्चना की। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक पीके ठाकुर सहित सभी आला अधिकारी मौजूद थे।