पटना (उज्जवल कुमार)। Bihar Protest News: शिक्षक भर्ती नियमावली में बदलाव को लेकर बिहार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लाठी चार्ज में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के महामंत्री विजय सिंह की मौत से राज्य में बवाल मच गया है। बीजेपी राज्य सरकार के खिलाफ हमलावर हो गयी है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने ट्वीट करके नीतीश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

नीतीश सरकार के खिलाफ केंद्रीय मंत्री ने खोला मोर्चा
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है- 'नीतीश-तेजस्वी सरकार द्वारा बर्बरता पूर्वक चलवाई गयी लाठियों से भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की मौत की जिम्मेदार नीतीश सरकार को तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता की मौत की जिम्मेदार, बर्बर नीतीश-तेजस्वी सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों के अधिकारों के लिए बिहार की बर्बर नीतीश-तेजस्वी सरकार के खिलाफ संघर्ष करते हुए भाजपा के महामंत्री, जहानाबाद विजय सिंह ने अपनी आहुति दे दी।'


सुशील मोदी ने बिहार पुलिस पर लगाया आरोप
बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने भी बिहार पुलिस को बीजेपी महामंत्री विजय सिंह की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने भी ट्वीट करके बिहार पुलिस को आड़े हाथों लिया है। उनके ट्वीट में कहा गया है कि बिहार पुलिस ने बीजेपी के जहानाबाद के महामंत्री विजय सिंह को अरेस्ट किया। बिहार पुलिस द्वारा की गयी बर्बर लाठी चार्ज में विजय सिंह की मौत हो गयी। इसके लिए बिहार पुलिस जिम्मेदार है।

पुलिस ने बीजेपी नेता की मौत से झाड़ा पल्ला
इधर बिहार पुलिस ने बीजेपी नेता की मौत से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि उनकी मौत लाठी चार्ज में चोट लगने से नहीं हुयी है। उनका पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। वे उन्हें कहीं बेहोशी की हालत में मिले थे।

National News inextlive from India News Desk