नई दिल्ली (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में 715 दिनों में पहली बार 1,000 से कम नए कोविड -19 मामले दर्ज किए गए। इसी के साथ देश में एक्टिव केस लोड 13,000 से नीचे आ गया। कुल 913 नए कोविड केस 24 घंटे के अंतराल में दर्ज किए गए हैं। इससे पहले भारत में एक हजार से कम केस 18 अप्रैल, 2020 को आए थे। तब 991 कोविड मामले आए थे। फिलहाल देश में कोरोना केस लगातार कम हो रहे हैं। पिछले 24 घंटे की अवधि में 13 कोविड से संबंधित मौतें हुईं, जिससे कुल मौतों की संख्या 5,21,358 हो गई।

एक्टिव केस लोड भी हूआ कम
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कुल नई मौतों में से छह मौतें केरल में हुईं। भारत का एक्टिव केस लोड 714 दिनों में घटकर 12,597 हो गया है। देश में 18 अप्रैल, 2020 को 12,974 सक्रिय मामले दर्ज किए गए थे। वर्तमान में, एक्टिव मामले देश के कुल सकारात्मक मामलों का 0.03 प्रतिशत हैं। पिछले 24 घंटों में कुल 1,316 मरीज ठीक हो चुके हैं। भारत में रिकवरी रेट 98.76 प्रतिशत है। साथ ही इसी अवधि में, देश भर में कुल 3,14,823 परीक्षण किए गए।

वैक्सीन की करीब 185 करोड़ डोज लग चुकी
भारत ने अब तक 79.10 करोड़ से अधिक कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। वीकली पाॅजिटिव रेट वर्तमान में 0.22 प्रतिशत है और डेली पाॅजिटिव रेट 0.29 प्रतिशत हो गया है। वैक्सीनेशन की बात करें तो, भारत का कोविड -19 टीकाकरण कवरेज 184.70 करोड़ से अधिक हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सोमवार सुबह तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 15.55 करोड़ से अधिक शेष और अप्रयुक्त कोविड वैक्सीन खुराक अभी भी उपलब्ध हैं।

National News inextlive from India News Desk