कानपुर। Delhi Election Result 2020 देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित हो रहे हैं। बीते विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी 70 सीटों में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस का प्रदर्शन इस बार भी निराशा जनक रहा। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस बीते साल की तरह इस बार भी कांग्रेस खाता नहीं खोल पाई है। खास बात तो यह है कि इस बार उसका वोट शेयर भी गिरा है। ऐसे में कांग्रेस के इस प्रदर्शन को लेकर लोग उसकी चुटकी भी ले रहे हैं। देश के चर्चित लेखक चेतन भगत ने तो ट्वीट कर कांग्रेस के नेताओं को अपना नेता बदलने की भी सलाह दे डाली है।

केजरीवाल को अपना नेता क्यों नहीं मानते

लेखक चेतन भगत ने ट्वीट किया कि देश भर के कुछ कांग्रेसी नेता अरविंद केजरीवाल को अपना नेता क्यों नहीं मानते? अब उनके पास क्या है? उनके करियर की संभावनाओं को क्या बेहतर बनाएगा? एक घटती पार्टी का हिस्सा या एक पार्टी जो बढ़ती जा रही है? यह बात सोचने लायक है। वहीं खबर लिखे जाने तक चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के आधार पर दिल्ली में आम आदमी पार्टी 70 में 63 सीटों पर आगे चल रही थी। बीजेपी 7 सीटों पर आगे थी। वहीं कांग्रेस की बात करें तो शून्य सीट पर थी।

कांग्रेस का वोट शेयर भी इस बार घटा

अभी तक आप का वोट शेयर 53.6प्रतिशत है जबकि बीते विधानसभा चुनाव में वोट शेयर 54.3 आप प्रतिशत था। वहीं इस साल बीजेपी का वोट शेयर 38.7प्रतिशत है, जबकि बीते विधानसभा चुनाव में वोट शेयर 32.3 प्रतिशत था। कांग्रेस के वोट शेयर की बात करें तो इस बार उसका वोट शेयर 4.29 है, जबकि बीते चुनाव में 9.7 प्रतिशत था। 2015 विधानसभा चुनाव में आप ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 67 सीटें हासिल किया था। भाजपा महज तीन सीटों पर सिमट गई और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।