रांची (ब्यूरो)। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा और बाबूलाल मरांडी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हार गए। वहीं, दो जगह से इलेक्शन लड़ने वाले पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सम्मान बरहेट ने बचाया था। इतना ही नहीं, सिल्ली से पूर्व उपमुख्यमंत्री रहे सुदेश महतो भी चुनाव हार गए थे। ये तमाम शीर्ष नेता 2014 के विधानसभा चुनाव में अपने-अपने दलों का नेतृत्व कर रहे थे।

तीन बार के सीएम अर्जुन मुंडा सरायकेला में हारे

तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अर्जुन मुंडा 2014 में खरसावां से इलेक्शन हार गए। उन्हें झामुमो के दशरथ गगराई ने करीब 12 हजार वोटों से हराया। दशरथ गगराई को 72002 वोट मिले तो अर्जुन मुंडा को 60036 वोट मिले। मुंडा की हार इस इलेक्शन में भाजपा के लिए बड़ा झटका थी।

बाबूलाल मरांडी ने खोई दोनों सीटें

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह और धनवार दो सीटों से इलेक्शन लड़ा और दोनों ही सीटों से हार गए। धनवार में उन्हें माले के राजकुमार यादव ने हरा दिया। राजकुमार यादव को 50634 वोट मिले तो बाबूलाल मरांडी को 39922 वोट मिले। गिरिडीह में तो बाबूलाल तीसरे स्थान पर चले गए। यहां से भाजपा के निर्भय शाहबादी इलेक्शन जीते। बाबूलाल मरांडी को महज 26651 वोट मिले जबकि निर्भय शाहबादी को 57531 वोट मिले। झाविमो प्रमुख खुद दोनों सीटों से इलेक्शन हार गए लेकिन उनकी पार्टी के आठ विधायकों को इस इलेक्शन में जीत हासिल हुई।

दुमका में हार गए हेमंत सोरेन

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन बरहेट और दुमका दो विधानसभा क्षेत्रों से इलेक्शन लड़े। बरहेट से तो उनकी जीत हुई लेकिन दुमका से वे इलेक्शन हार गए। दुमका में भाजपा की लुइस मरांडी ने हेमंत सोरेन को करीब पांच हजार वोटों से हराया। लुइस मरांडी को 70467 वोट मिले जबकि हेमंत सोरेन को 65105 वोट मिले। हां, बरहेट से हेमंत ने बड़ी जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हेमलाल मुर्मू को बड़े अंतर से हराया। हेमंत को यहां 62515 वोट मिले जबकि हेमलाल मुर्मू को 38428 वोट मिले।

मधु कोड़ा को नीरल पूर्ति ने हराया

इसी इलेक्शन में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा मझगांव से इलेक्शन हार गए। उन्हें झामुमो के नीरल पूर्ति ने करीब 11 हजार मतों से परास्त किया। इसी तरह उपमुख्यमंत्री रह चुके सुदेश महतो को सिल्ली की जनता ने नकार दिया। सुदेश को अमित महतो ने बड़े अंतर से पराजित किया। अमित महतो को इस इलेक्शन में 79747 वोट मिले जबकि सुदेश महतो को 50007 वोट मिले। सिल्ली के लिए हुए उपइलेक्शन में भी सुदेश महतो को हार का सामना करना पड़ा।

ranchi@inext.co.in