छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : पूर्वी सिहंभूम के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। शुक्रवार की दोपहर गोईलकेरा थाना क्षेत्र स्थित टीचर्स कॉलोनी के समीप मेरालगड़ा छोटे से नाले की झाड़ी में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची का निर्वस्त्र शव स्थानीय लोगों ने देखा, जिसके बाद इसकी सूचना गोईलकेरा थाने को दी। छात्रा की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पत्थर से सिर कुचला

साक्ष्य छुपाने के लिए बच्ची के मुंह को पत्थर से कुचल दिया गया है। इसके बाद थाना प्रभारी पतरस नाग सदलबल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेजा। छात्रा के पिता के फर्द बयान पर पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। साथ ही अज्ञात युवक पर नाबालिग के साथ बलात्कार व हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

क्या है मामला

छात्रा की अज्ञात अपराधियों ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। वह गोइलकेरा के संत पॉल स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा थी। छात्रा गुरुवार शाम से लापता थी। वह चार बजे स्कूल से लौटने के बाद मेरालगड़ा नाले में नहाने व कपडे धोने गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परेशान परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ अता-पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह फिर उसकी खोजबीन शुरू की गई। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उसकी लाश नाले के समीप झाडि़यों में पाई गई। छात्रा के शरीर पर कपड़े नहीं थे। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।