जमशेदपुर (ब्यूरो): कोल्हान विश्वविद्यालय के सेशन 2020-2023 स्नातक सेमेस्टर -5 के छात्रों का मामला तूल पकड़ते जा रहा है। समय से कक्षाएं संचालित नहीं होने से छात्रों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। बिना पढ़ाई के परीक्षा लेने से छात्रों में आक्रोश भी बढ़ रहा है। इस परेशानी को देख सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना से मिलकर समस्याओं के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 1500 छात्रों ने हस्ताक्षर कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है।

वार्ता की

प्रतिनिधियों ने मंत्री बन्ना गुप्ता से मिल कर छात्रों के भविष्य को देखते हुए कोल्हान विश्वविद्यालय से वार्ता कर सभी छात्रों को स्नातक सेमेस्टर 5 में प्रोमोट करने और जल्द से जल्द स्नातक सेमेस्टर 6 को पूरा करवाने की मांग की है। छात्रों की समस्याओं से अवगत होने बाद मंत्री बन्ना गुप्ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वार्ता कर समाधान कराने का आश्वासन दिया। मौके पर आनंद बिहारी दुबे, यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव सनी सिंह, पूर्वी विधानसभा यूथ कांग्रेस महासचिव निखिल तिवारी और एनएसयूआई के जिला कार्यकारी अध्यक्ष सचिन कुमार सिंह मौजूद थे।

मृतक रेलकर्मी के परिजनों से मिला उप मुखिया संघ

जमशेदपुर प्रखंड के वार्ड सदस्य सह उप मुखिया संघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने संघ के अध्यक्ष राकेश चौबे के नेतृत्व में बागबेड़ा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी निवासी रेलकर्मी एस के पिल्लै की मौत के बाद उनके परिजनों से मुलाकात की। राकेश चौबे ने घटना पर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि रेलकर्मी एसके पिल्लै ने आरपीएफ एवं लैंड विभाग पर प्रताडि़त करने के आरोप लगते हुए विगत दिनों आत्मदाह किया। संघ ने डीआरएम और रेल जीएम से मामले की उच्च स्तरीय जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में उप मुखिया राकेश चौबे, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा पांडे, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि राकेश सिंह, बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह उपस्थित थे।