-एक गुट द्वारा की गई चाकूबाजी में सोनू सिंह हुआ घायल

-दूसरे गैंग के लोगों ने सुशील को मारी गोली

JAMSHEDPUR: सोनारी थाना एरिया स्थित नवरंग मोहल्ला में सैटरडे को दो गुटों के बीच हंगामा हुआ। इस दौरान फायरिंग व चाकूबाजी भी हुई। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ट्रीटमेंट के लिए एमजीएम हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। होली के जश्न के दौरान यह घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शराब पीने के दौरान हुई बहस

जानकारी के मुताबिक सोनू सिंह अपने साथियों के साथ सोनारी स्थित बालीचेला स्कूल के पास बैठकर शराब पी रहा था। इस बीच सुशील गोप अपने सहयोगियों के साथ वहीं पहुंचा। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद माहौल गर्म हो गया और सुशील गैंग के एक मेंबर ने सोनू सिंह उर्फ सियाल पर भुजाली से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सोनू के घायल होते ही उसके गिरोह के लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में सुशील के पेट में गोली लगी और वहीं गिर पड़ा।

है पुरानी रंजिश

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ट्रीटमेंट के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और दोनों के बीच पैसों की लेन-देन को लेकर भी पुरानी रंजिश चली आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुटबाजी है चरम पर

सोनारी में गुटबाजी चरम पर है और अक्सर वहां गुटबाजी को लेकर मारपीट व फायरिंग की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे पहले भी कई बार गुटबाजी में यहां हत्या की वारदातें हो चुकी हैं। कई मामलों में तो पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भी भेजा है।