JAMSHEDPUR: जमशेदपुर से कोलकाता के लिए विमान सेवा इस साल दुर्गा पूजा से पहले शुरू हो जाएगी। यहां से विमान सेवा चालू करने का अवसर एयर डेक्कन को मिला है। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) सुनील भास्करन ने शनिवार को सेंटर फॉर एक्सीलेंस में बताया कि क्षेत्रीय विमान सेवा योजना शुरू करने के लिए नागरिक एवं उड्डन मंत्रालय ने विमान कंपनियों से प्रस्ताव लिया था। सभी ने इसके लिए निविदा डाली थी। यहां से एयर डेक्कन को विमान चलाने का अवसर मिला है। जुलाई से विमान सेवा शुरू होनी की उम्मीद है। सारी प्रक्रिया पूरी होने में बहुत विलंब हुआ तो भी दुर्गा पूजा के पहले यह सेवा शुरू हो जाएगी।

टाटा स्टील नहीं लेगी किराया

बकौल सुनील भास्करन, सोनारी एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई को देखते हुए क्9 सीटर विमान उड़ाया जाएगा। विमान सेवा शुरू होने से उत्साहित वीपी सीएस ने कहा कि जमशेदपुर में सरकारी एयरपोर्ट नहीं है। सोनारी में टाटा स्टील का निजी एयरपोर्ट है। सस्ती विमान सेवा की योजना को सफल बनाने के लिए टाटा स्टील सोनारी एयरपोर्ट का किराया नहीं लेगी। टाटा स्टील मैनेजमेंट ने सरकार को अपने फैसले से अवगत करा दिया है।

कई और शहर जुड़ेंगे

टाटा स्टील का मकसद है कि विमान सेवा शुरू करने वाली कंपनी को आर्थिक तौर पर नुकसान नहीं हो। बता दें कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिल कर झारखंड के कई शहरों को हवाई मार्ग से जोड़ने की दिशा में पहल की है। इसमें जमशेदपुर भी शामिल है। जमशेदपुर से कोलकाता के अलावा रांची, हजारीबाग व दुमका के लिए भी विमान सेवा शुरू करने की योजना है। रांची के लिए विमान सेवा पर भी जल्द फैसला हो जाएगा। रांची के लिए डीसी कंपनी का चयन होना है। उम्मीद जताई जा रही है कि सितंबर तक कंपनी का चयन कर लिया जाएगा।